छत्तीसगढ़ में पांव पसार रहा स्वाइन फ्लू, कोरोना के भी दो नए मामले दर्ज; स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल बोले— ‘घबराएं नहीं, सरकार पूरी तरह तैयार’
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
**********************************
छत्तीसगढ़ में पांव पसार रहा स्वाइन फ्लू, कोरोना के भी दो नए मामले दर्ज; स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल बोले— ‘घबराएं नहीं, सरकार पूरी तरह तैयार’
रायपुर:छत्तीसगढ़ में संक्रामक बीमारियों का खतरा एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है। प्रदेश में स्वाइन फ्लू के मामलों में तेजी से उछाल आया है, वहीं कोरोना के भी नए मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। इस स्थिति के बीच प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने प्रदेशवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी को भी पैनिक होने या घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है।
स्वाइन फ्लू के 152 मामले दर्ज, कोरोना की भी दस्तक
स्वास्थ्य मंत्री ने प्रदेश में फैल रही बीमारियों के ताजा आंकड़े साझा करते हुए बताया कि राज्य में अब तक स्वाइन फ्लू के कुल 152 मरीज सामने आ चुके हैं। राहत की बात यह है कि इनमें से 114 मरीज इलाज के बाद पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने घर लौट चुके हैं, जबकि वर्तमान में 38 मरीज एक्टिव हैं जिनका इलाज चल रहा है। इसके साथ ही प्रदेश में कोरोना के भी 2 नए मरीज मिलने की पुष्टि हुई है।
‘शरीर में पर्याप्त इम्यून पावर, जांच के पुख्ता इंतजाम’
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि कोरोना को लेकर डरने की आवश्यकता नहीं है। पूर्व में लोगों को लगे वैक्सीन डोज़ेस की वजह से शरीर में पर्याप्त इम्यून पावर मौजूद है, जो संक्रमण से लड़ने में मददगार है। उन्होंने बताया कि राजधानी रायपुर स्थित मेकाहारा (डॉ. बी.आर. अंबेडकर स्मृति अस्पताल) और सभी जिला अस्पतालों में जांच और इलाज की पूरी व्यवस्था दुरुस्त कर ली गई है।
स्वास्थ्य मंत्री की जनता से अपील: लक्षण दिखते ही कराएं जांच
स्वास्थ्य मंत्री ने आम जनता से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि यदि किसी भी व्यक्ति में स्वाइन फ्लू या कोरोना के लक्षण (जैसे तेज बुखार, खांसी, सांस लेने में तकलीफ या गले में खराश) नजर आते हैं, तो वे इसे सामान्य मानकर बिल्कुल भी लापरवाही न बरतें। लक्षण दिखते ही तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचकर अपनी जांच करवाएं और डॉक्टरी सलाह के अनुसार समय पर इलाज शुरू करें।





