बलौदाबाजार में भीषण सड़क हादसा: गिरौदपुरी जा रहे श्रद्धालुओं की माजदा पलटी, महिला और बच्चों समेत 27 घायल, दो की हालत गंभीर
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
***********************************
बलौदाबाजार में भीषण सड़क हादसा: गिरौदपुरी जा रहे श्रद्धालुओं की माजदा पलटी, महिला और बच्चों समेत 27 घायल, दो की हालत गंभीर
बलौदाबाजार: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बेमेतरा जिले से गिरौदपुरी धाम दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक माजदा वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इस भीषण दुर्घटना में महिला और बच्चों समेत कुल 27 लोग घायल हो गए हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सेल और छांछी के मोड़ पर हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना कसडोल थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे-130बी पर हुई। बेमेतरा जिले के ग्राम मुरकुटा (नांदघाट) से 30 से अधिक श्रद्धालु माजदा वाहन में सवार होकर बाबा गुरु घासीदास की तपोभूमि गिरौदपुरी धाम के दर्शन के लिए निकले थे। गुरुवार सुबह जैसे ही वाहन सेल और छांछी गांव के बीच स्थित तीखे मोड़ के पास पहुंचा, चालक का नियंत्रण छूट गया और तेज रफ्तार वाहन सड़क पर ही पलट गया।
स्थानीय मददगार और हाईवे पुलिस बनी देवदूत
घटना के तुरंत बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पीड़ित परिवार के सदस्य देवचरण जांगड़े ने बताया कि हादसे के वक्त एक स्थानीय नागरिक अमजद खान ने तत्परता दिखाते हुए घायलों की मदद की और अपने निजी वाहन से उन्हें अस्पताल पहुंचाया। वहीं, सूचना मिलते ही हाईवे पुलिस पेट्रोलिंग की टीम भी मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को तुरंत कसडोल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया।
इलाज जारी, पुलिस जांच में जुटी
प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बताया कि अधिकांश घायल खतरे से बाहर हैं। हालांकि, दो महिलाओं के सिर पर गंभीर चोट आने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही कसडोल थाना प्रभारी टीम के साथ अस्पताल और दुर्घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।





