दुर्ग नगर निगम में हड़कंप: महापौर अलका बाघमार की इनोवा में लगी भीषण आग, चेंबर में मौजूद थीं महापौर
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*********************************
दुर्ग नगर निगम में हड़कंप: महापौर अलका बाघमार की इनोवा में लगी भीषण आग, चेंबर में मौजूद थीं महापौर
दुर्ग। नगर निगम परिसर गुरुवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी का मैदान बन गया, जब महापौर अलका बाघमार के इनोवा वाहन में अचानक भीषण आग लग गई। घटना सुबह करीब 11 बजे की है। वाहन महापौर कक्ष के ठीक सामने खड़ा था और हादसे के वक्त महापौर अपने चेंबर में बैठकर दैनिक कामकाज निपटा रही थीं।
बोनेट से उठीं लपटें, मची भगदड़
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इनोवा के बोनेट से अचानक धुएं के साथ आग की तेज लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे निगम कर्मचारियों और अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे आम लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। मौके पर देखते ही देखते सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई।
तत्परता से टला बड़ा हादसा
आग की लपटें फैलती देख निगम कर्मियों ने तत्परता दिखाई। इनोवा के आसपास खड़े अन्य वाहनों को बिना देर किए तत्काल वहां से दूर हटवाया गया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। फिलहाल आग लगने के कारणों (संभावित शॉर्ट सर्किट) का पता लगाया जा रहा है। घटना के बाद से परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं।





