11 हवाई अड्डे 50 साल के लिए लीज पर: रायपुर, भुवनेश्वर, वाराणसी और तिरुपति का PPP मॉडल के तहत होगा निजीकरण
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
**********************************
11 हवाई अड्डे 50 साल के लिए लीज पर: रायपुर, भुवनेश्वर, वाराणसी और तिरुपति का PPP मॉडल के तहत होगा निजीकरण
रायपुर।देश में हवाई अड्डों के विकास, आधुनिक बुनियादी ढांचे और बेहतर परिचालन को गति देने के लिए नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने एक बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने रायपुर, भुवनेश्वर, वाराणसी और तिरुपति समेत देश के 11 प्रमुख हवाई अड्डों को सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल के तहत निजी कंपनियों को 50 वर्षों की लीज पर सौंपने का प्रस्ताव तैयार किया है। इस महत्वाकांक्षी योजना को सार्वजनिक-निजी भागीदारी मूल्यांकन समिति (PPPAC) ने 4 अगस्त की बैठक में सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है।
इस पूरी पहल से निजी क्षेत्र के जरिए कुल ₹8,622 करोड़ के निवेश की उम्मीद जताई जा रही है। बाजार में केंद्रीकरण और वित्तीय जोखिम से बचने के लिए एक ही बोलीदाता (bidder) के लिए समूहों की संख्या सीमित की जाएगी।
5 समूहों में बांटे गए बड़े और छोटे हवाई अड्डे
रणनीति के तहत बड़े और अधिक राजस्व वाले हवाई अड्डों को छोटे हवाई अड्डों के साथ जोड़कर कुल 5 समूह (Groups) बनाए गए हैं। प्रत्येक समूह का संचालन और रखरखाव एक ही निजी कंपनी करेगी:
समूह 1: अमृतसर और कांगड़ा-गग्गल
समूह 2: वाराणसी, गया और कुशीनगर
समूह 3: भुवनेश्वर और हुबली
समूह 4: रायपुर और औरंगाबाद
समूह 5: तिरुचिरापल्ली और तिरुपति
कर्मचारियों के हितों की सुरक्षा: 3 साल की विशेष व्यवस्था
हवाई अड्डों के हस्तांतरण के बाद भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) के कर्मचारियों के लिए सुरक्षात्मक कदम प्रस्तावित किए गए हैं:
1 वर्ष का संयुक्त प्रबंधन: निजी संचालक के साथ शुरुआत में एक साल की संयुक्त प्रबंधन अवधि होगी।
3 साल तक 60% कर्मचारियों की प्रतिधारण: इसके बाद निजी कंपनी को AAI के कम से कम 60% कर्मचारियों को 3 साल तक अपने पास बनाए रखना होगा।
डेटा-आधारित प्रक्रिया से हुआ चयन
AAI ने एक पारदर्शी और डेटा-संचालित प्रक्रिया के जरिए इन हवाई अड्डों का चयन किया है। इसके तहत पहले 12 बड़े हवाई अड्डों का यात्री आवाजाही, उपलब्ध भूमि, व्यावसायिक क्षमता और वित्तीय प्रदर्शन के आधार पर मूल्यांकन किया गया। इसके बाद देश के 136 छोटे हवाई अड्डों का अध्ययन कर उन्हें बड़े हवाई अड्डों के साथ क्लस्टर (समूह) में जोड़ा गया।





