रक्षाबंधन पर घर जाने का विवाद बना काल: लिव-इन पार्टनर ने रेत लिया गला, युवती ने भी उठाया खौफनाक कदम
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
**********************************
रक्षाबंधन पर घर जाने का विवाद बना काल: लिव-इन पार्टनर ने रेत लिया गला, युवती ने भी उठाया खौफनाक कदम
अंबिकापुर। शहर के गांधीनगर थाना क्षेत्र के सुभाषनगर में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे एक युवक का गला कटा शव कमरे में मिला। घटना के बाद उसकी महिला पार्टनर ने भी चाकू से अपना गला रेतकर जान देने की कोशिश की। गंभीर हालत में युवती को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
मृतक की पहचान मोहन पैकरा (28, निवासी दरिमा) और घायल युवती की पहचान महिमा सिदार (26, निवासी जयनगर, सूरजपुर) के रूप में हुई है।
10 साल पुराना रिश्ता, 2 महीने पहले लिया था किराए का मकान: दोनों पिछले 10 सालों से लिव-इन में रह रहे थे और सुभाषनगर में दयाल मंडल के मकान में दो महीने पहले ही किराए पर शिफ्ट हुए थे।
रक्षाबंधन पर जाने को लेकर बढ़ा विवाद: अस्पताल में भर्ती महिमा के मुताबिक, वह रक्षाबंधन पर अपने मायके (कंदरई) जाना चाहती थी और मोहन को साथ चलने का दबाव बना रही थी। मोहन वहां जाने को तैयार नहीं था। इसी बात को लेकर बुधवार सुबह 6:30 बजे दोनों में तीखी बहस हुई।
कमरे में फैला खून: युवती का दावा है कि जब वह बाथरूम से लौटी, तो उसने मोहन को खून से लथपथ तड़पते देखा; उसने खुद अपना गला काट लिया था। यह नजारा देख महिमा ने शोर मचाया और खुद भी उसी चाकू से अपना गला रेत लिया।
सूचना मिलते ही डायल 112 और गांधीनगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मोहन को मृत पाया, जबकि लहूलुहान महिमा को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी
गांधीनगर थाना प्रभारी दिलीप दुबे ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं से मामले की सूक्ष्मता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और युवती के विस्तृत बयानों के आधार पर ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।





