दुर्ग में बड़ा साइबर फ्रॉड: पूर्व संसदीय सचिव लाभचंद बाफना का मोबाइल फोन हैक, हैकर ने संपर्कों से मांगी रकम; नंदिनी पुलिस जांच में जुटी

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

************************************

 

 

 

दुर्ग में बड़ा साइबर फ्रॉड: पूर्व संसदीय सचिव लाभचंद बाफना का मोबाइल फोन हैक, हैकर ने संपर्कों से मांगी रकम; नंदिनी पुलिस जांच में जुटी

दुर्ग:छत्तीसगढ़ के साजा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं पूर्व संसदीय सचिव (गृह व जेल) लाभचंद बाफना साइबर ठगों के निशाने पर आ गए हैं। अज्ञात हैकरों ने अहिवारा निवासी बाफना का मोबाइल फोन हैक कर उसमें मौजूद संपर्क नंबरों की सूची तक अपनी पहुंच बना ली है। इसके बाद हैकर बाफना के नाम और पहचान का गलत फायदा उठाते हुए उनके परिचितों व करीबियों को अलग-अलग कारणों का हवाला देकर पैसों की मांग वाले संदेश भेज रहा है।

मामला तब उजागर हुआ जब बाफना के कुछ परिचितों ने संदेह होने पर उनसे सीधे बात की। फोन हैक होने का पता चलते ही समर्थकों व परिचितों में हड़कंप मच गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पूर्व विधायक के प्रतिनिधि ने तत्काल नंदिनी नगर थाना पहुंचकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

साइबर सेल की मदद से जांच तेज

नंदिनी नगर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी है। पुलिस साइबर विशेषज्ञों की मदद से यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मोबाइल किस तकनीक से हैक किया गया और किन-किन नंबरों पर पैसों की मांग वाले मैसेज भेजे गए हैं। पुलिस उस गिरोह या व्यक्ति की लोकेशन और नेटवर्क को ट्रैक करने में लगी है।

सतर्कता एवं पुलिस अपील:

यदि आपको पूर्व विधायक लाभचंद बाफना के नाम या मोबाइल नंबर से पैसों की मांग, आर्थिक मदद या UPI/बैंक खाते में राशि ट्रांसफर करने का कोई संदेश प्राप्त होता है, तो बिना पुष्टि किए कोई भुगतान न करें। तुरंत इसकी सूचना सीधे बाफना या नंदिनी नगर पुलिस को दें।

साइबर ठगी के इस नए ट्रेंड से सावधान रहें

साइबर अपराधी आजकल जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और प्रतिष्ठित व्यक्तियों के सोशल मीडिया अकाउंट या मोबाइल डिवाइस तक अनधिकृत पहुंच बनाकर उनके परिचितों से आपात स्थिति का बहाना बनाकर ठगी का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस ने आम नागरिकों से किसी भी संदिग्ध वित्तीय संदेश पर सतर्क रहने की अपील की है।