गांजे की तलब ने बनाया चोर: बालोद में घर साफ कर शराब दुकान के सामने 1-1 हजार में मोबाइल की बोली लगा रहा था युवक, लोगों ने दबोचा
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
******************************
गांजे की तलब ने बनाया चोर: बालोद में घर साफ कर शराब दुकान के सामने 1-1 हजार में मोबाइल की बोली लगा रहा था युवक, लोगों ने दबोचा
बालोद। नशे की लत इंसान को किस हद तक गिरा सकती है, इसका एक हैरान करने वाला मामला बालोद जिले से सामने आया है। यहां गांजा पीने के पैसों के लिए एक युवक ने सूने मकान में हाथ साफ कर दिया। चोरी करने के बाद आरोपी इतना बेखौफ था कि वह चोरी के मोबाइलों को औने-पौने दाम में बेचने के लिए शराब दुकान के सामने खुलेआम बोली लगाने लगा। युवक की इस संदिग्ध गतिविधि को देखकर स्थानीय लोगों को शक हुआ, जिसके बाद उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।

सोसायटी गए थे मकान मालिक, आधे घंटे में घर साफ
यह पूरी घटना 31 जुलाई की दोपहर करीब 12:30 बजे की है। पलारी गांव के रहने वाले 42 वर्षीय शंकर साहू किसी काम से गांव की सोसायटी गए हुए थे। जब वे करीब आधे घंटे बाद अपने घर लौटे, तो उनके होश उड़ गए। घर का पूरा सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि अज्ञात चोर ने उनके घर से दो महंगे मोबाइल फोन, 1000 रुपए नगद और रसोई से 5 पैकेट रिफाइंड तेल पार कर दिया है। पीड़ित शंकर साहू ने तुरंत इसकी शिकायत सनौद थाने में दर्ज कराई।

शराब दुकान के सामने लगा रहा था मोबाइल की बोली
चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक धमतरी जिले के लोहारसी का रहने वाला 18 वर्षीय उत्तम सिंह, बालोद के पलारी गांव की शराब दुकान के पास पहुंच गया। वह चोरी किए गए विवो (Vivo) और रेडमी (Redmi) के मोबाइलों को जल्द से जल्द ठिकाने लगाना चाहता था। इसके लिए उसने शराब दुकान के सामने ही जोर-जोर से 1-1 हजार रुपए में मोबाइल बेचने की बोली लगानी शुरू कर दी। शराब दुकान के सामने इतनी कम कीमत पर मोबाइल बेचने की संदिग्ध हरकत को देखकर स्थानीय लोगों ने तुरंत सनौद पुलिस को इसकी सूचना दी और आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ लिया।

गांजा पीने के लिए की थी चोरी, कुल 12 हजार का माल बरामद
पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद जब आरोपी उत्तम सिंह से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह गांजे का आदी है और गांजा पीने के लिए पैसों का जुगाड़ करने की नीयत से ही उसने शंकर साहू के सूने मकान में चोरी की थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए दोनों मोबाइल फोन और 1000 रुपए नगद सहित कुल 12,000 रुपए की मशरूका बरामद कर ली है।

बीएनएस की धारा 305 के तहत आरोपी भेजा गया जेल
मामले की जानकारी देते हुए एसडीओपी माया शर्मा ने बताया कि पीड़ित की शिकायत और आरोपी के कबूलनामे के बाद सनौद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। आरोपी उत्तम सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305 के तहत आपराधिक मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।





