सक्ती के दमाऊधारा झरने में बहे दुर्ग के युवक का शव 24 घंटे बाद बरामद, दोस्तों के साथ आया था घूमने
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*****************************
सक्ती के दमाऊधारा झरने में बहे दुर्ग के युवक का शव 24 घंटे बाद बरामद, दोस्तों के साथ आया था घूमने
सक्ती / दुर्ग: सक्ती जिले के नगरदा थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल दमाऊधारा में एक बड़ा हादसा हो गया है। यहाँ घूमने आए दुर्ग-भिलाई के 20 वर्षीय युवक प्रतीक कंवर की झरने के तेज बहाव में बहने से मौत हो गई। बुधवार सुबह करीब 24 घंटे चले लंबे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद गोताखोरों की टीम ने युवक का शव बरामद कर लिया है।

नहाने के दौरान पैर फिसलने से हुआ हादसा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दुर्ग-भिलाई निवासी प्रतीक कंवर अपने पांच दोस्तों (उदय साहू, चेलक लहरे, तेजस साहू, साहिल राव और योगेश वर्मा) के साथ सक्ती जिले के पर्यटन स्थलों की सैर पर निकला था।

सोमवार शाम को रैनखोल घूमने के बाद मंगलवार सुबह करीब 9 बजे सभी दोस्त दमाऊधारा पहुंचे थे।झरने के ऊपरी हिस्से में जब चार दोस्त नहा रहे थे, तभी अचानक प्रतीक का पैर फिसल गया। पानी का बहाव तेज होने के कारण वह संभल नहीं पाया और गहरे पानी में चला गया। दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज करंट के आगे वे बेबस नजर आए।

SDRF और DDRF की टीमों ने निकाला शव
घटना की सूचना मिलते ही नगरदा पुलिस और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। तत्काल DDRF और SDRF की टीमों को रेस्क्यू के लिए बुलाया गया। मंगलवार को दिनभर चले सर्च ऑपरेशन के बाद भी अंधेरा होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी थी।बुधवार सुबह संयुक्त टीम ने दोबारा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल ने बताया कि कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने शव को ढूंढ निकाला। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों और दोस्तों का रो-रोकर बुरा हाल है।





