महतारी वंदन योजना: भुगतान में देरी पर उठे सवाल, हितग्राहियों में असमंजस; राजेश मुकर्जी ने उठाई शीघ्र भुगतान की मांग
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
********************************
महतारी वंदन योजना: भुगतान में देरी पर उठे सवाल, हितग्राहियों में असमंजस; राजेश मुकर्जी ने उठाई शीघ्र भुगतान की मांग
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी ‘महतारी वंदन योजना’ के तहत मिलने वाली मासिक आर्थिक सहायता राशि को लेकर प्रदेश की राजनीति और सामाजिक हलकों में सुगबुगाहट तेज हो गई है। योजना के तहत प्रदेश की लाखों पात्र महिलाओं को हर महीने ₹1,000 की आर्थिक सहायता देने का वादा किया गया था। हालांकि, हाल के दिनों में कई हितग्राहियों के खातों में समय पर राशि नहीं पहुंचने के कारण महिलाओं में भारी नाराजगी और असमंजस की स्थिति देखी जा रही है।इस गंभीर मुद्दे पर वरिष्ठ विचारक और सामाजिक कार्यकर्ता राजेश मुकर्जी ने सरकार की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठाए हैं।
उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने महिलाओं को नियमित रूप से राशि देने का वादा किया है, तो फिर भुगतान में यह देरी या अनिश्चितता क्यों हो रही है? माताओं और बहनों को अपने ही हक के पैसे के लिए बार-बार इंतजार कराना किसी भी दृष्टिकोण से उचित नहीं है।
पारदर्शी क्रियान्वयन की मांग
राजेश मुकर्जी ने सरकार से मांग की है कि वह इस विषय पर तत्काल स्थिति स्पष्ट करे और तकनीकी व प्रशासनिक खामियों को दूर कर लंबित राशि का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करे। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भविष्य में प्रत्येक माह एक निश्चित समय पर राशि सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में जमा होनी चाहिए। महिलाओं के सम्मान और उनके अधिकारों से जुड़ी इस कल्याणकारी योजना का प्रभावी तथा पारदर्शी क्रियान्वयन करना पूरी तरह से सरकार की जिम्मेदारी है।





