शराब में सुहागा मिलाकर 8 ग्रामीणों की हत्या: बलौदाबाजार का किराना दुकान संचालक गिरफ्तार, अंधविश्वास नहीं आपसी रंजिश बनी वजह

 शराब में सुहागा मिलाकर 8 ग्रामीणों की हत्या: बलौदाबाजार का किराना दुकान संचालक गिरफ्तार, अंधविश्वास नहीं आपसी रंजिश बनी वजह

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

*******************************

 

 

 

शराब में सुहागा मिलाकर 8 ग्रामीणों की हत्या: बलौदाबाजार का किराना दुकान संचालक गिरफ्तार, अंधविश्वास नहीं आपसी रंजिश बनी वजह

 

बलौदाबाजार-भाटापारा: छत्तीसगढ़ के कसडोल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम खर्वे में हुए सिलसिलेवार हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। गांव में लगातार हुई 8 पुरुषों की रहस्यमय मौत के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी रामसहाय जायसवाल (रामसाय जायसवाल) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी गांव में ही किराना दुकान चलाता था।

शिकायत के बाद कब्र से निकाले गए थे शव

फरवरी से मई 2026 के बीच गांव में एक के बाद एक 8 पुरुषों की अचानक मौत से हड़कंप मच गया था। ग्रामीणों ने कसडोल एसडीएम (SDM) को आवेदन सौंपकर जांच की मांग की और किराना दुकान संचालक रामसहाय पर शक जताया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और फॉरेंसिक (FSL) की टीम ने दफनाए जा चुके 7 मृतकों के शवों को कब्र से बाहर निकलवाया और पोस्टमॉर्टम कराया। पुलिस की कड़ी पूछताछ के आगे टूटकर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

कुत्ते पर किया था जहर का परीक्षण

आरोपी रामसहाय ने पूछताछ में बताया कि उसने चूहे मारने के बहाने ‘सुहागा’ (जहर) खरीदा था। इस जहर का असर देखने के लिए उसने सबसे पहले इसका परीक्षण एक आवारा कुत्ते पर किया। कुत्ते की मौत होने के बाद आरोपी ने अलग-अलग तारीखों में सुनियोजित तरीके से ग्रामीणों को शराब में यह जहर मिलाकर पिला दिया।

पत्नी पर बुरी नजर और आपसी रंजिश के कारण दी मौत

शुरुआत में इस घटना को लेकर गांव में गड़े धन को निकालने के लिए 21 लोगों की ‘मानव बलि’ दिए जाने की अफवाह उड़ी थी। हालांकि, पुलिस जांच में बलि या खजाने का कोई एंगल सामने नहीं आया है। हत्या के पीछे की मुख्य वजह आपसी रंजिश, छोटी-मोटी शिकायतों से नाराजगी और ग्रामीणों द्वारा आरोपी की पत्नी पर बुरी नजर रखने का शक सामने आया है।

उल्टी होने से बची एक युवक की जान, बना मुख्य गवाह

इस पूरे घटनाक्रम में गांव के एक युवक कार्तिक कुम्हार की जान बाल-बाल बच गई। उसने भी आरोपी की दी हुई जहर मिली शराब पी थी, लेकिन तुरंत उल्टी हो जाने के कारण जहर उसके शरीर में नहीं फैला। कार्तिक इस सनसनीखेज मामले में पुलिस का मुख्य और अहम गवाह बना है, जिसकी गवाही से पुलिस को जांच में बड़ी मदद मिली।