रायपुर में राहुल गांधी का देसी अंदाज: काफिला रोक टपरी पर पी चाय, पायलट संग जुगलबंदी ने खींचा सबका ध्यान
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
********************************
रायपुर में राहुल गांधी का देसी अंदाज: काफिला रोक टपरी पर पी चाय, पायलट संग जुगलबंदी ने खींचा सबका ध्यान
रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी का एक बेहद अलग और अनौपचारिक अंदाज देखने को मिला। अपने चार घंटे के संक्षिप्त दौरे के दौरान राहुल गांधी ने न सिर्फ कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दिया, बल्कि आम जनता के बीच पहुंचकर सुर्खियां भी बटोरीं।
एयरपोर्ट लौटते समय उन्होंने अचानक अपना काफिला रुकवाया और वीआईपी रोड स्थित एक चाय की टपरी पर चाय-नाश्ते का लुत्फ उठाया।गाड़ी रोककर टपरी पर पहुंचे राहुल,
पीसीसी चीफ को खिलाई बिस्किट
कांग्रेस जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने के बाद जब राहुल गांधी का काफिला एयरपोर्ट की तरफ बढ़ रहा था, तभी रास्ते में वह एक चाय की टपरी और ‘धरिया कैंटीन’ पर रुके। राहुल गांधी ने वहां खुद चाय पी, बिस्किट खाए और प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के अध्यक्ष दीपक बैज को भी अपने हाथों से बिस्किट खिलाई।
राहुल गांधी को अचानक अपने बीच पाकर वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। इस दौरान उन्होंने कैंटीन में मौजूद छोटे बच्चों से बातचीत की और स्थानीय लोगों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।
सचिन पायलट संग दिखी खास जुगलबंदी
इस पूरे दौरे में सबसे ज्यादा चर्चा राहुल गांधी और छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट के बीच की केमिस्ट्री की रही। राहुल गांधी एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक सचिन पायलट और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को अपनी ही गाड़ी में बैठाकर पहुंचे थे। चाय की टपरी से लेकर कैंटीन तक, दोनों नेताओं के बीच जबरदस्त जुगलबंदी और गहरा तालमेल साफ नजर आया। इस दौरान पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव और चरणदास महंत समेत कांग्रेस के कई दिग्गज नेता भी उनके साथ मौजूद रहे।
बूथ मजबूत करने के लिए दिए चुनावी टिप्स
इससे पहले राहुल गांधी कांग्रेस जिला और शहर अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में शामिल हुए। लगभग 4 घंटे के इस दौरे में उन्होंने संगठन की जमीनी हकीकत जानी और पदाधिकारियों के साथ बंद कमरे में अहम चर्चा की। राहुल गांधी ने नेताओं और कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने और जनता के बीच सक्रियता बढ़ाने के कड़े निर्देश दिए।





