ऑपरेशन आघात: रायगढ़ रेलवे स्टेशन के बाहर 1120 नग ‘गोगो रैपर’ के साथ आरोपी गिरफ्तार, रायपुर के तिल्दा से लाकर पान ठेलों में बेचता था नशा
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
******************************
ऑपरेशन आघात: रायगढ़ रेलवे स्टेशन के बाहर 1120 नग ‘गोगो रैपर’ के साथ आरोपी गिरफ्तार, रायपुर के तिल्दा से लाकर पान ठेलों में बेचता था नशा
रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। थाना साइबर सेल और थाना कोतवाली की संयुक्त टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए रायगढ़ रेलवे स्टेशन के बाहर से एक संदिग्ध व्यक्ति को भारी मात्रा में प्रतिबंधित गोगो रैपर के साथ दबोचा है।
रेलवे स्टेशन के बाहर ग्राहक की तलाश में था आरोपी
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन के बाहर एक व्यक्ति नशे के इस्तेमाल में आने वाले गोगो रैपर को बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा है। सूचना मिलते ही संयुक्त टीम ने मौके पर घेराबंदी कर चक्रधरनगर की सिंधी कॉलोनी (पक्की खोली) के रहने वाले सुरेन्द्र कुमार छाबड़ा (38 वर्ष) को संदिग्ध हालत में पकड़ा।दो कार्टूनों से 1120 नग गोगो रैपर बरामदजांच करने पर आरोपी के कब्जे से दो कार्टून मिले, जिनमें रखे 20 डिब्बों से कुल 1120 नग गोगो रैपर बरामद किए गए। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में यह बात सामने आई है कि इन गोगो रैपर्स के भीतर तंबाकू युक्त फ्लेवर या गांजा भरकर नशे के रूप में इस्तेमाल किया जाता है।
तिल्दा से खरीदकर पान ठेलों में करता था सप्लाई
कड़ी पूछताछ में आरोपी सुरेन्द्र छाबड़ा ने कुबूल किया कि वह इन रैपर्स को रायपुर जिले के तिल्दा से करीब 14,500 रुपये में खरीदकर लाया था। वह इन्हें रायगढ़ शहर के अलग-अलग पान ठेलों में चोरी-छिपे ऊंचे दामों पर बेचकर अवैध मुनाफा कमाता था।प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत जेल भेजने की कार्रवाईआरोपी की संदिग्ध और नशीली गतिविधियों को देखते हुए थाना कोतवाली पुलिस ने उसके खिलाफ कड़ी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 170/123 एवं 135(क) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की है।
पुलिस की अपील: नशे के सौदागरों की सूचना तुरंत दें
रायगढ़ पुलिस “ऑपरेशन आघात” के जरिए युवाओं को नशे के दलदल में धकेलने वाले असामाजिक तत्वों और अवैध कारोबारियों पर लगातार शिकंजा कस रही है। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके पास नशे की अवैध बिक्री या कारोबार से जुड़ी कोई भी जानकारी हो, तो वे तुरंत पुलिस को सूचित करें ताकि समय रहते अपराधियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जा सके। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।





