रायपुर देश का पहला शहर: 15 हजार ऑटो और ई-रिक्शा का हुआ डिजिटल रजिस्ट्रेशन, यात्रियों की सुरक्षा के लिए लगेंगे स्पेशल QR कोड
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*******************************
रायपुर देश का पहला शहर: 15 हजार ऑटो और ई-रिक्शा का हुआ डिजिटल रजिस्ट्रेशन, यात्रियों की सुरक्षा के लिए लगेंगे स्पेशल QR कोड
रायपुर:राजधानी रायपुर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और नागरिक-अनुकूल बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। रायपुर सार्वजनिक परिवहन में संचालित ऑटो और ई-रिक्शा का बड़े पैमाने पर डिजिटल रजिस्ट्रेशन कराने वाला देश का पहला शहर बन गया है। पुलिस कमिश्नरेट द्वारा चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत अब तक करीब 15 हजार वाहनों का सफलतापूर्वक डिजिटल पंजीयन किया जा चुका है।
20 मई से 5 जून तक चला विशेष अभियान
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन में यह विशेष अभियान 20 मई से 5 जून 2026 तक चलाया गया। यातायात पुलिस और ऑटो-ई रिक्शा संघों के संयुक्त प्रयासों से इस निर्धारित अवधि में रिकॉर्ड पंजीयन हुआ। वाहन चालकों की सुविधा के लिए इस पूरी प्रक्रिया को बेहद सरल और निशुल्क रखा गया था, जहां चालकों ने घर बैठे ही क्यूआर कोड स्कैन कर अपना रजिस्ट्रेशन पूरा किया। इसके लिए उन्हें किसी भी सरकारी कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़े।
यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाएगा विशेष QR कोड
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अभियान के अगले चरण में सभी पंजीकृत ऑटो और ई-रिक्शा में एक विशेष QR कोड लगाया जाएगा। सफर के दौरान कोई भी यात्री अपने मोबाइल से इस कोड को स्कैन कर वाहन मालिक और चालक की पूरी जानकारी तुरंत प्राप्त कर सकेगा। इस व्यवस्था से यात्रियों की सुरक्षा काफी बढ़ जाएगी। साथ ही, किसी भी प्रकार के विवाद, अभद्र व्यवहार या आपातकालीन शिकायत की स्थिति में चालक की पहचान करना बेहद आसान और त्वरित हो जाएगा।
यूनियन की मांग पर 7 दिन की मिली मोहलत
ऑटो और ई-रिक्शा यूनियन के विशेष अनुरोध पर प्रशासन ने पंजीयन की समय-सीमा को 7 दिन के लिए और बढ़ा दिया है। जिन वाहन चालकों का पंजीकरण किन्हीं कारणों से अब तक नहीं हो पाया है, उनके लिए यह अंतिम अवसर है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि इस बढ़ी हुई अतिरिक्त अवधि के समाप्त होने के बाद, बिना पंजीयन (नॉन-रजिस्टर्ड) सड़कों पर दौड़ने वाले ऑटो और ई-रिक्शा के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उनका संचालन बंद कराया जाएगा।
पुलिस की नागरिकों से अपील: QR कोड देखकर ही करें सफर
रायपुर पुलिस ने आम जनता और यात्रियों से भी इस सुरक्षा व्यवस्था में भागीदार बनने की अपील की है। पुलिस ने नागरिकों से कहा है कि वे सफर के लिए केवल उन्हीं ऑटो और ई-रिक्शा का चुनाव करें, जिनमें अधिकृत QR कोड लगा हो। इससे न सिर्फ यात्रियों का सफर सुरक्षित होगा, बल्कि शहर में एक जवाबदेह और सुदृढ़ सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा।





