कोरबा में सनसनीखेज वारदात: बुकिंग के बहाने स्कॉर्पियो चालक की आंखों में डाला मिर्च स्प्रे, जंगल में पेड़ से बांधकर 17 लाख की गाड़ी लूटी; 2 आरोपी गिरफ्तार

 कोरबा में सनसनीखेज वारदात: बुकिंग के बहाने स्कॉर्पियो चालक की आंखों में डाला मिर्च स्प्रे, जंगल में पेड़ से बांधकर 17 लाख की गाड़ी लूटी; 2 आरोपी गिरफ्तार

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

*******************************

 

 

कोरबा में सनसनीखेज वारदात: बुकिंग के बहाने स्कॉर्पियो चालक की आंखों में डाला मिर्च स्प्रे, जंगल में पेड़ से बांधकर 17 लाख की गाड़ी लूटी; 2 आरोपी गिरफ्तार

 

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में वाहन बुकिंग के बहाने एक स्कॉर्पियो चालक से लूट की बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है। तीन बेखौफ बदमाशों ने चालक की आंखों में मिर्च स्प्रे डालकर पहले उसे बंधक बनाया, फिर मारपीट कर जंगल में एक पेड़ से बांध दिया।

इसके बाद आरोपी करीब 17 लाख रुपए कीमत की स्कॉर्पियो, नकदी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। हालांकि, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए घेराबंदी की और 2 आरोपियों को दबोचकर लूटी गई गाड़ी बरामद कर ली है।

बुकिंग के बहाने बुलाया, फिर दिया वारदात को अंजाम

पीड़ित चालक संजय कुमार केंवट ने पुलिस को बताया कि 1 जून को उनके पास एक अज्ञात नंबर से फोन आया था। कॉलर ने ढपढप से सीहोर (मध्य प्रदेश) जाने के लिए गाड़ी बुक की थी। इसके बाद 3 जून की रात को उन्हें ढपढप मोड़ पर बुलाया गया। संजय जब वहां पहुंचे, तो होंडा साइन बाइक पर सवार तीन युवक वहां मौजूद थे।योजना के मुताबिक, दो युवक स्कॉर्पियो के भीतर बैठ गए, जबकि उनका तीसरा साथी बाइक से गाड़ी के आगे-आगे रास्ता दिखाते हुए चलने लगा।

आंखों में मिर्च स्प्रे डाला, पूछा- “गाड़ी चाहिए या जिंदगी?”रास्ते में एक सुनसान जगह पर पहुंचते ही बाइक सवार युवक ने अचानक स्कॉर्पियो का दरवाजा खोला और चालक संजय की आंखों में मिर्च स्प्रे झोंक दिया। इसके बाद तीनों बदमाशों ने संजय के साथ जमकर मारपीट की और डरा-धमकाकर उनका मोबाइल व फोन-पे का पासवर्ड ले लिया।

बदमाश पीड़ित चालक को करीब आधे घंटे तक गाड़ी में ही बंधक बनाकर घुमाते रहे। इसके बाद वे उसे एक घने जंगल में ले गए और वहां एक पेड़ से बांध दिया। बदमाशों ने संजय को डराते हुए पूछा, “गाड़ी चाहिए या जिंदा रहना है?” इस पर सहमे हुए चालक ने कहा कि उसे जिंदा रहना है। इसके बाद आरोपी 17 लाख रुपए मूल्य की स्कॉर्पियो, मोबाइल, 6 हजार रुपए कैश, गाड़ी के दस्तावेज, स्मार्टवॉच और एयरबड्स लूटकर चंपत हो गए।

रेल पटरी के सहारे सुरक्षित पहुंचा पीड़ित

आरोपियों के भागने के बाद संजय ने किसी तरह मशक्कत कर खुद को पेड़ से आजाद कराया। इसके बाद वे रात के अंधेरे में रेल पटरी के किनारे-किनारे चलते हुए पुरेना पहुंचे और अपने परिवार को आपबीती सुनाई। घटना के अगले दिन, यानी 4 जून को बांकीमोंगरा थाने में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई गई।

चोटिया टोल प्लाजा पर पकड़े गए आरोपी

लूट की सूचना मिलते ही कोरबा पुलिस तत्काल एक्शन में आई और पूरे जिले में सख्त नाकेबंदी कर दी गई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई रंग लाई और उसी रात चोटिया टोल बैरियर पर घेराबंदी कर लूटी गई स्कॉर्पियो को रोक लिया गया। मौके से पुलिस ने झारखंड के गढ़वा निवासी दो आरोपियों—अरविंद कुमार पाल और पंकज पाल को गिरफ्तार किया।कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उन्होंने बताया कि वे इस लूटी हुई गाड़ी को सूरजपुर ले जाने की फिराक में थे। पुलिस ने इनके पास से 17 लाख रुपए की स्कॉर्पियो और मोबाइल फोन रिकवर कर लिया है।

मामला दर्ज, तीसरे आरोपी की तलाश जारी

पुलिस ने पकड़े गए दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि घटना में शामिल तीसरे आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसे भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।