भिलाई के फार्म हाउस में मर्डर: पत्नी पर शक करने वाले पति की पीट-पीटकर हत्या, दो सहकर्मी गिरफ्तार, भेजे गए जेल
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*****************************
भिलाई के फार्म हाउस में मर्डर: पत्नी पर शक करने वाले पति की पीट-पीटकर हत्या, दो सहकर्मी गिरफ्तार, भेजे गए जेल
दुर्ग,दुर्ग जिले के पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। ग्राम मोहंदी स्थित खाननाडी के एक फार्म हाउस में घरेलू विवाद के दौरान बीच-बचाव करने आए कर्मचारियों ने एक व्यक्ति की इतनी बेरहमी से पिटाई कर दी कि उसकी मौत हो गई। पुलिस ने हत्या के आरोप में फार्म हाउस के दो कर्मचारियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
दंपती के बीच अक्सर होता था विवाद
पुलिस जांच में पता चला है कि सावित्री साहू पिछले सात वर्षों से इस फार्म हाउस में काम कर रही थी और वहीं रहती थी। कुछ समय पहले उसका पति नीलकंठ साहू भी उसके साथ आकर रहने लगा। नीलकंठ अपनी पत्नी सावित्री पर शक करता था, जिसके कारण दोनों के बीच लंबे समय से तनाव रहता था और अक्सर झगड़े होते थे।
बचाने आए कर्मचारियों ने आपा खोया
1 जून की रात करीब 9 बजे नीलकंठ और सावित्री के बीच फिर से विवाद हुआ। इस दौरान नीलकंठ ने सावित्री के साथ मारपीट शुरू कर दी, जिससे उसके सिर पर चोट लग गई। पत्नी को पिटता देख फार्म हाउस के अन्य कर्मचारी राजेश वर्मा (50) और अमर सिंह (45) गुस्से में आ गए। उन्होंने सावित्री को बचाने के लिए नीलकंठ पर हमला कर दिया।
डंडे और मुक्कों की मार से गई जान
आरोप है कि राजेश वर्मा ने नीलकंठ पर डंडे से ताबड़तोड़ वार किए, जबकि अमर सिंह ने उसे लात-मुक्कों से बुरी तरह पीटा। गंभीर चोटें आने के कारण नीलकंठ की तबीयत बिगड़ गई और अगले दिन उसकी मौत हो गई।
आरोपी पहुंचे सलाखों के पीछे
घटना के बाद मृतक की पत्नी सावित्री साहू ने ही पुरानी भिलाई थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।





