अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश: मेरठ से मुख्य आरोपी और ज्वेलर्स संचालक गिरफ्तार, ₹60 लाख का सोना बरामद
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*****************************
अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश: मेरठ से मुख्य आरोपी और ज्वेलर्स संचालक गिरफ्तार, ₹60 लाख का सोना बरामद
दुर्ग। पुलिस ने आज एक बड़े अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए उत्तर प्रदेश के मेरठ से दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाला मुख्य सरगना और उससे चोरी का सोना खरीदने वाला एक ज्वेलर्स संचालक शामिल है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 400 ग्राम वजनी सोने के जेवरात बरामद किए हैं, जिसकी बाजार में कीमत लगभग 60 लाख रुपये आंकी गई है। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर दिया गया है।
फेरीवाला बनकर सूने मकानों की रेकी
दुर्ग डीआईजी विजय अग्रवाल ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मुख्य आरोपी हासिम खान मेरठ से ट्रेन के जरिए छत्तीसगढ़ आता था। उसने अपने साथी के साथ मिलकर बिलासपुर से एक एक्टिवा गाड़ी खरीदी थी, जिसका इस्तेमाल वे रेकी करने के लिए करते थे। आरोपी दिन के समय गली-मोहल्लों में चादर बेचने या फेरीवाले का भेष बनाकर घूमता था और सूने मकानों को चिन्हित करता था। मौका मिलते ही आरोपी ताला तोड़कर बड़ी चोरी को अंजाम देता था और फरार हो जाता था।
नेहरू नगर के स्क्रैप व्यापारी के घर की थी बड़ी चोरी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी हासिम खान ने पूछताछ में दुर्ग, भिलाई, नवा रायपुर, बिलासपुर और मध्य प्रदेश के जबलपुर में चोरी की कई वारदातों को अंजाम देना कबूल किया है। उसने भिलाई के सुपेला थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेहरू नगर में रहने वाले स्क्रैप व्यापारी विनय अग्रवाल के सूने मकान से ही अकेले 40 से 45 लाख रुपये की बड़ी चोरी करने की बात स्वीकार की है।सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग, मेरठ में दी दबिश
इस हाईप्रोफाइल चोरी के बाद पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया था। पुलिस टीम ने शहर भर के सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज की कड़ियों को जोड़ने के बाद पुलिस को मेरठ निवासी हासिम खान का सुराग मिला। इसके बाद दुर्ग पुलिस की एक विशेष टीम को उत्तर प्रदेश के मेरठ रवाना किया गया, जहां घेराबंदी कर मुख्य आरोपी हासिम को दबोच लिया गया।
चोरी का सोना खरीदने वाला ज्वेलर्स भी चढ़ा हत्थे
मुख्य आरोपी हासिम खान से कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने बताया कि वह चोरी के सारे जेवरात मेरठ के ही सलीम ज्वेलर्स के संचालक को बेचता था। हासिम की निशानदेही पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ज्वेलर्स संचालक सलीम खान को भी मेरठ से हिरासत में ले लिया। सलीम के पास से पुलिस ने चोरी का करीब 400 ग्राम सोना बरामद किया है। इस पूरी बड़ी कार्रवाई में मेरठ और भोपाल पुलिस का भी सक्रिय सहयोग रहा। पुलिस इस गिरोह के बाकी फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।





