जांजगीर-चांपा में सनसनी: भवंतरा गांव में एक ही परिवार के 4 लोगों की संदिग्ध मौत, इलाके में हड़कंप।
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
***************************
जांजगीर-चांपा में सनसनी: भवंतरा गांव में एक ही परिवार के 4 लोगों की संदिग्ध मौत, इलाके में हड़कंप।
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ के ग्राम भवंतरा में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात संदिग्ध परिस्थितियों में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। इस सामूहिक मौत की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और गांव में मातम का माहौल है।
सुबह काम पर पहुंचे मिस्त्री ने देखा
घटना की जानकारी गुरुवार सुबह उस समय हुई जब एक मिस्त्री निर्माणाधीन मकान पर काम करने पहुंचा। । उसने मकान के भीतर चारों लोगों को खाट पर बेसुध हालत में पड़े देखा। मिस्त्री ने तुरंत इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। इसके बाद सरपंच राजाराम कश्यप ने तत्परता दिखाते हुए स्थानीय पुलिस को मामले की जानकारी दी।
मृतकों की हुई पहचान।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान मेदनी प्रसाद कश्यप, पीताम्बर कश्यप, शांति बाई और कुमारी मोगरा के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि यह परिवार अपने नए मकान का निर्माण करवा रहा था। काम की देखरेख के लिए ये सभी लोग इसी निर्माणाधीन मकान में अस्थायी रूप से रात को रुके हुए थे।।
एक संदेही हिरासत में, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की उच्च स्तरीय टीम मौके पर पहुंच गई है। शुरुआती तफ्तीश के बाद पुलिस ने मृतकों के एक करीबी रिश्तेदार को हिरासत में लिया है। पुलिस उससे कड़ाई से पूछताछ कर रही है। हालांकि, अभी तक मौत के सही कारणों (जहर, दम घुटने या हत्या) का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी।
मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा है और सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस हर एंगल से मामले की बारीकी से जांच कर रही है।





