उजियारा अभियान: पुलिस को मिली बड़ी सफलता, 67 किलो गांजे के साथ यूपी के दो तस्कर गिरफ्तार
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
***************************
उजियारा अभियान: कांकेर पुलिस को मिली बड़ी सफलता, 67 किलो गांजे के साथ यूपी के दो तस्कर गिरफ्तार
कांकेर/नरहरपुर: जिला पुलिस द्वारा नशामुक्त समाज के लिए चलाए जा रहे “उजियारा अभियान” के तहत अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ एक और बड़ी कामयाबी हासिल की गई है। पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बदायूं से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो क्रेटा कार में भारी मात्रा में गांजा तस्करी कर रहे थे।

हादसे के बाद फरार हुए थे आरोपी
घटनाक्रम के अनुसार, 11 अप्रैल 2026 को थाना नरहरपुर को सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की क्रेटा गाड़ी में अवैध गांजा ले जाया जा रहा है। पुलिस की घेराबंदी देख आरोपी घबरा गए और ग्राम डिब्बीपानी के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। मौके का फायदा उठाकर चालक और उसका साथी वाहन छोड़कर फरार हो गए थे। पुलिस ने जब वाहन की तलाशी ली, तो उसमें से 3 बोरियों में भरा 67.380 किग्रा गांजा बरामद हुआ।
UP के बदायूं से हुई गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना नरहरपुर में धारा 281 BNS और 20(B)(ii)(C) NDPS एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया। तकनीकी जांच के दौरान फरार आरोपियों की लोकेशन उत्तर प्रदेश के बदायूं में मिली। तत्काल पुलिस टीम रवाना की गई और घेराबंदी कर संजीव कुमार (30 वर्ष) और अभिषेक साहू (32 वर्ष) को धर दबोचा गया। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
जब्त की गई संपत्ति का विवरण
पुलिस ने इस कार्रवाई में कुल 43,69,000 रुपये का मशरूका जब्त किया है:
गांजा: 67.380 किग्रा (कीमत लगभग 33.69 लाख रुपये)
वाहन: हुंडई क्रेटा (कीमत लगभग 10 लाख रुपये)
अन्य: पुलिस को गुमराह करने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली दो अतिरिक्त नंबर प्लेट्स (UP14 DL 4480)।
दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।





