राजनांदगांव: जन्मदिन की पार्टी में खूनी संघर्ष; आदतन बदमाश ने युवक पर चाकू से किया जानलेवा हमला, एक गिरफ्तार

 राजनांदगांव: जन्मदिन की पार्टी में खूनी संघर्ष; आदतन बदमाश ने युवक पर चाकू से किया जानलेवा हमला, एक गिरफ्तार

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

****************************

 

राजनांदगांव: जन्मदिन की पार्टी में खूनी संघर्ष; आदतन बदमाश ने युवक पर चाकू से किया जानलेवा हमला, एक गिरफ्तार

राजनांदगांव। शहर के गांधी चौक क्षेत्र में जन्मदिन मनाने के दौरान पुराने विवाद को लेकर खूनी संघर्ष हो गया। मामूली कहासुनी के बाद एक सूचीबद्ध गुंडे और उसके साथी ने युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक बाल-बाल बचा, हालांकि उसके हाथ में गंभीर चोट आई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि दूसरा फरार है।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अनुप यादव उर्फ मुण्डु (29 वर्ष), निवासी बल्देवबाग, 24-25 अप्रैल की दरम्यानी रात अपने दोस्त शोएब खान का जन्मदिन मनाने गांधी चौक गया था। केक काटने के दौरान राकेश सोनी उर्फ ‘तुफान’ और महमूद अली के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। जब अनुप यादव ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपी राकेश सोनी उर्फ तुफान और उसके साथी राकेश श्रीवास ने तैश में आकर अनुप के गले पर चाकू से वार कर दिया।

अनुप ने खुद को बचाने के लिए हाथ आगे किया, जिससे चाकू उसके बाएं हाथ के अंगूठे और उंगली के बीच जा लगा और खून बहने लगा। प्रार्थी का कहना है कि यदि वह हाथ से बचाव नहीं करता, तो हमला सीधे उसके गले पर होता, जो जानलेवा साबित हो सकता था।

पुलिस की कार्रवाई

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल घेराबंदी की और आरोपी राकेश श्रीवास (43 वर्ष) को धर दबोचा। आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 223/26, धारा 109(1), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपी राकेश श्रीवास को 26 अप्रैल को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

आरोपी और प्रार्थी दोनों का है आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल मुख्य आरोपी राकेश सोनी उर्फ तुफान थाने का सूचीबद्ध गुंडा बदमाश है, जो फिलहाल फरार है। गिरफ्तार आरोपी राकेश श्रीवास भी आदतन अपराधी है, जिस पर पहले से जुआ एक्ट, मारपीट और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं।

दिलचस्प बात यह है कि मामले का प्रार्थी अनूप यादव उर्फ मुंडू भी खुद एक आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ भी विभिन्न थानों में मारपीट, आबकारी एक्ट, जुआ एक्ट और चाकूबाजी जैसे कई गंभीर अपराध दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी ‘तुफान’ की सरगर्मी से तलाश कर रही है।