राजनांदगांव शहर के ममता नगर में पुलिस की बड़ी दबिश: घर में छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में MP निर्मित अंग्रेजी शराब जब्त, आरोपी लोकेश सिन्हा गिरफ्तार
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
******************************
राजनांदगांव शहर के ममता नगर में पुलिस की बड़ी दबिश: घर में छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में MP निर्मित अंग्रेजी शराब जब्त, आरोपी लोकेश सिन्हा गिरफ्तार
राजनांदगांव। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत राजनांदगांव पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने ममता नगर स्थित एक घर में छापा मारकर मध्य प्रदेश निर्मित अंग्रेजी शराब का जखीरा बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी लोकेश कुमार सिन्हा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मुखबिर की सूचना पर साइबर सेल और कोतवाली की टीम ने की कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक महोदया को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि ममता नगर निवासी लोकेश कुमार सिन्हा (32 वर्ष) ने अपने घर में बिक्री के उद्देश्य से भारी मात्रा में अवैध शराब डंप कर रखी है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में साइबर सेल और थाना सिटी कोतवाली की एक संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने गवाहों की मौजूदगी में आरोपी के घर (ममता नगर गली नंबर 07) पर अचानक दबिश दी।
21 हजार से अधिक की शराब बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपी के कब्जे से 161 नग पौव्वा (कुल 28.980 बल्क लीटर) मध्य प्रदेश निर्मित “बॉम्बे स्पेशल व्हिस्की” बरामद हुई। जब्त की गई शराब की कुल बाजार मूल्य लगभग 21,735 रुपये आंकी गई है। आरोपी के पास शराब रखने या परिवहन करने से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज या लाइसेंस नहीं पाया गया।
गैर-जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी लोकेश कुमार सिन्हा के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) और 59(क) के तहत अपराध क्रमांक 221/2026 दर्ज किया है। चूंकि यह एक अजमानतीय अपराध है, इसलिए आरोपी को 20 अप्रैल 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
नशा मुक्त अभियान रहेगा जारी
राजनांदगांव पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध नशा कारोबारियों के विरुद्ध “सख्त कार्रवाई” की नीति भविष्य में भी जारी रहेगी। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से अवैध शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है।





