कोरबा: कोयला व्यवसायी की गाड़ी चोरी करने की कोशिश नाकाम, पेड़ से टकराई वाहन; मौके पर मिले खून के निशान
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*******************************
कोरबा: कोयला व्यवसायी की गाड़ी चोरी करने की कोशिश नाकाम, पेड़ से टकराई वाहन; मौके पर मिले खून के निशान
कोरबा। जिले के कुसमुंडा थाना क्षेत्र में शनिवार की रात चोरों ने एक कोयला व्यवसायी के वाहन पर हाथ साफ करने की कोशिश की, लेकिन उनकी यह योजना पूरी तरह विफल रही। चोरी कर भागने के दौरान वाहन अनियंत्रित होकर एक पेड़ से जा टकराया, जिससे वह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पकड़े जाने के डर से चोर वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए।
नर्सरी के पास मिली क्षतिग्रस्त गाड़ी
वाहन मालिक लक्ष्मी दास ने बताया कि रोज की तरह शनिवार रात को ड्राइवर गाड़ी लेकर आया और घर के बाहर खड़ी कर चाबी देकर चला गया। रविवार सुबह करीब 7 बजे जब ड्राइवर दोबारा काम पर आया, तो वाहन अपनी जगह से गायब था। काफी खोजबीन करने पर वाहन घर से कुछ दूरी पर स्थित नर्सरी जंगल में एक पेड़ से टकराई हुई मिली। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया है।
चोर के घायल होने की आशंका
खास बात यह है कि दुर्घटनास्थल पर वाहन के भीतर और आसपास खून के निशान भी मिले हैं। इससे अंदेशा जताया जा रहा है कि एक्सीडेंट के दौरान चोर को गंभीर चोट आई है। घायल होने के बावजूद चोर पुलिस और स्थानीय लोगों की नजरों से बचकर भागने में सफल रहा।
पुलिस कर रही जांच
पीड़ित लक्ष्मी दास ने मामले की लिखित शिकायत कुसमुंडा थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज व अस्पतालों की जानकारी खंगाल रही है ताकि घायल चोर का सुराग मिल सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





