दुर्ग पुलिस का ‘ऑपरेशन क्लीन’: समोदा कांड के बाद एक्शन में महकमा, ड्रोन से हो रही फार्म हाउसों की निगरानी

 दुर्ग पुलिस का ‘ऑपरेशन क्लीन’: समोदा कांड के बाद एक्शन में महकमा, ड्रोन से हो रही फार्म हाउसों की निगरानी

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

*****************************

 

दुर्ग पुलिस का ‘ऑपरेशन क्लीन’: समोदा कांड के बाद एक्शन में महकमा, ड्रोन से हो रही फार्म हाउसों की निगरानी

 

 

 

आसमान से ‘अफीम’ पर नजर: दुर्ग जिले के 135 फार्म हाउसों की ड्रोन मैपिंग, संदिग्ध इलाकों में पुलिस की दबिश

अब खेत में छिपाई तो खैर नहीं! दुर्ग पुलिस ने शुरू किया हाईटेक सर्वे, रडार पर जिले भर के बाड़ी और फार्म हाउस

दुर्ग। जिले के पुलगांव थाना अंतर्गत समोदा गांव में अफीम की अवैध खेती पकड़े जाने के बाद दुर्ग पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। नशे के इस काले कारोबार की जड़ें खोदने के लिए पुलिस अब पारंपरिक तरीकों के साथ-साथ हाईटेक तकनीक का सहारा ले रही है। जिले के दुर्गम और बड़े इलाकों में नजर रखने के लिए पुलिस ने अब ‘ड्रोन सर्वे’ शुरू कर दिया है।
135 फार्म हाउसों की हो चुकी है जांच
पुलिस की विशेष टीमें अब तक धमधा, पाटन और पुलगांव समेत कुल 135 फार्म हाउसों की ड्रोन से सघन जांच कर चुकी हैं। ड्रोन कैमरों के जरिए खेतों की हाई-रेजोल्यूशन तस्वीरें और वीडियो लिए जा रहे हैं, ताकि फसलों के बीच छिपाई गई किसी भी संदिग्ध खेती की पहचान की जा सके। फिलहाल यह सर्वे अभियान जारी है और जिले के हर कोने को खंगाला जा रहा है।
पद्मनाभपुर और धमधा में भी दबिश
ड्रोन से मिली तस्वीरों के आधार पर पुलिस ने पद्मनाभपुर और धमधा क्षेत्र के कुछ चुनिंदा फार्म हाउसों पर फिजिकल वेरिफिकेशन भी किया। हालांकि, इन जगहों पर जांच के दौरान कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। अधिकारियों का कहना है कि सर्वे का मुख्य उद्देश्य संदिग्ध गतिविधियों पर लगाम लगाना और अवैध खेती की किसी भी गुंजाइश को खत्म करना है।
दुर्ग SSP विजय अग्रवाल का बयान
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी व एसएसपी (दुर्ग) विजय अग्रवाल ने बताया कि कई फार्म हाउस बाहर से बेहद सामान्य नजर आते हैं, जिससे अंदर चल रही गतिविधियों का अंदाजा लगाना मुश्किल होता है। उन्होंने कहा, “बड़े एरिया को पारंपरिक तरीके से सर्च करने में समय और श्रम अधिक लगता है। ड्रोन की मदद से हम कम समय में उन स्थानों तक भी पहुंच रहे हैं, जहां पैदल पहुंचना कठिन है। हमारी नजर उन सभी जगहों पर है जहां अवैध खेती की आशंका है।”
पुलिस की इस सख्ती से अब अवैध नशा कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। आने वाले दिनों में यह सर्वे अभियान और भी तेज होने की उम्मीद है।