रायपुर: बाइक की टक्कर को लेकर मोमिन पारा और बढ़ई पारा के बीच खूनी संघर्ष, इलाके में भारी पुलिस बल तैनात

 रायपुर: बाइक की टक्कर को लेकर मोमिन पारा और बढ़ई पारा के बीच खूनी संघर्ष, इलाके में भारी पुलिस बल तैनात

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

*******************************

 

 

रायपुर: बाइक की टक्कर को लेकर मोमिन पारा और बढ़ई पारा के बीच खूनी संघर्ष, इलाके में भारी पुलिस बल तैनात

रायपुर। राजधानी के आजाद चौक थाना क्षेत्र के मोमिन पारा और बढ़ई पारा इलाके में शनिवार देर रात मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बाइक की टक्कर से शुरू हुआ झगड़ा लाठी-डंडों और धारदार हथियारों तक पहुँच गया, जिसमें दोनों पक्षों के करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए इलाके में 50 से अधिक पुलिस जवानों को तैनात किया गया है।

मामूली टक्कर से बढ़ा विवाद

जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत रात करीब 10:30 से 11:00 बजे के बीच हुई। बढ़ई पारा के कुछ नाबालिग लड़कों की बाइक, मोमिन पारा के युवकों से टकरा गई थी। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के बड़े भी विवाद में कूद पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों गुटों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले और धारदार हथियारों का भी इस्तेमाल किया गया, जिससे तीन युवकों के सिर फट गए।

थाने में उमड़ी भीड़, तनावपूर्ण रहा माहौल

घटना के बाद दोनों पक्षों के बड़ी संख्या में लोग आजाद चौक थाने पहुँच गए, जिससे वहां का माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों सहित अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया।

पुलिस की कार्रवाई जारी

एसीपी आजाद चौक इशु अग्रवाल ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रित कर लिया है। दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर दोषियों की गिरफ्तारी की जाएगी। फिलहाल इलाके में शांति है, लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात रखा गया है।