जांजगीर-चांपा: मामूली विवाद में रिटायर्ड फौजी ने चलाई गोली, युवक के पैर में लगी; भाई समेत आरोपी हिरासत में
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
******************************
जांजगीर-चांपा: मामूली विवाद में रिटायर्ड फौजी ने चलाई गोली, युवक के पैर में लगी; भाई समेत आरोपी हिरासत में
पामगढ़ (जांजगीर-चांपा): छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार को दो पक्षों के बीच हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक सेवानिवृत्त सेना जवान ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से दूसरे पक्ष पर फायरिंग कर दी। गोलीबारी में एक युवक घायल हो गया है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना पामगढ़ के विकास नगर की है। यहाँ रिटायर्ड फौजी गुलशन श्रीवास का भाई हिमांशु श्रीवास किराने की दुकान चलाता है। सोमवार सुबह करीब 10 बजे शैलेंद्र साहू अपने कुछ साथियों के साथ दुकान के पास पहुँचा और गाली-गलौज करने लगा। जब हिमांशु ने इसका विरोध किया, तो दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।
बीच-बचाव में चली गोली
विवाद के दौरान मामला इतना गरमाया कि रिटायर्ड फौजी गुलशन श्रीवास ने अपने लाइसेंसी पिस्टल निकाल ली और पंकज कश्यप नाम के युवक पर गोली चला दी। गोली पंकज की जांघ में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा।
आरोपी हिरासत में, घायल बिलासपुर रेफर
घटना के तुरंत बाद घायल पंकज को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ ले जाया गया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर कर दिया गया है। फिलहाल उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मुख्य आरोपी गुलशन श्रीवास (रिटायर्ड हवलदार, आर्मी सिग्नल कोर) और उसके भाई हिमांशु को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) का मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।






