महासमुंद: वाहन चेकिंग में पुलिस को बड़ी कामयाबी, कार से 75 लाख कैश बरामद; रायपुर के 60 व्यापारियों तक पहुँचाने की थी तैयारी
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
महासमुंद: वाहन चेकिंग में पुलिस को बड़ी कामयाबी, कार से 75 लाख कैश बरामद; रायपुर के 60 व्यापारियों तक पहुँचाने की थी तैयारी
महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस को मुखबिर की सूचना पर एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस की टीम ने टेमरी नाका पर नाकाबंदी कर चेकिंग के दौरान एक सफेद रंग की कार से ₹75 लाख की नकदी बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने ओडिशा निवासी दो युवकों को हिरासत में लिया है।
गुप्त सूचना पर टेमरी नाका में घेराबंदी
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ओडिशा के कांटाबांजी से रायपुर की ओर भारी मात्रा में कैश ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने टेमरी नाका पर घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान खरियार रोड की तरफ से आ रही एक संदिग्ध कार को रोका गया, जिसमें राजेंद्र महानंद (मुंडापला, बलांगीर) और महाप्रज्ञ जैन (कांटाबांजी) सवार थे।
नीले बैग में मिले 500-500 के नोटों के 150 बंडल
कार की तलाशी लेने पर बीच वाली सीट पर एक नीला बैग मिला। बैग खोलने पर पुलिस के होश उड़ गए; उसमें 500-500 रुपये के नोटों की गड्डियां भरी थीं। गिनती करने पर कुल ₹75 लाख की राशि पाई गई। पुलिस के अनुसार, 100-100 नोटों के कुल 150 बंडल बनाकर रखे गए थे।
85 लाख की संपत्ति जब्त, IT विभाग को सौंपी गई सूचना
पूछताछ के दौरान आरोपी कैश से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर पाए। पुलिस ने ₹75 लाख नकद, कार और मोबाइल फोन समेत कुल ₹85 लाख 10 हजार की संपत्ति जब्त की है। प्रारंभिक पूछताछ में ड्राइवर ने बताया कि यह पैसा रायपुर के करीब 60 सोना-चांदी व्यापारियों को पहुँचाया जाना था।
फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और मामले की विस्तृत जांच के लिए इनकम टैक्स (आयकर) विभाग को सूचित कर दिया गया है। विभाग अब इस बात की जांच करेगा कि यह पैसा हवाला का है या किसी अन्य अवैध कारोबार से जुड़ा है।







