रायपुर: ‘डिजिटल अरेस्ट’ कर 1.25 करोड़ की ठगी, पुलिस ने हरियाणा से मास्टरमाइंड को दबोचा

 रायपुर: ‘डिजिटल अरेस्ट’ कर 1.25 करोड़ की ठगी, पुलिस ने हरियाणा से मास्टरमाइंड को दबोचा

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

*****************************

 

 

रायपुर: ‘डिजिटल अरेस्ट’ कर 1.25 करोड़ की ठगी, पुलिस ने हरियाणा से मास्टरमाइंड को दबोचा

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी में साइबर ठगी के एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। रायपुर पुलिस ने ‘ऑपरेशन साइबर शील्ड’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुग्राम (हरियाणा) से मुख्य आरोपी सोमनाथ महतो को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने शहर के एक व्यक्ति को ‘डिजिटल अरेस्ट’ का डर दिखाकर 1.25 करोड़ रुपये की चपत लगाई थी।

ऐसे बुना ठगी का जाल

पीड़ित सपन कुमार को एक अज्ञात नंबर से कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को मुंबई क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताया। जालसाजों ने पीड़ित को डराया कि उनके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का गंभीर केस दर्ज हुआ है। गिरफ्तारी का भय दिखाकर आरोपियों ने पीड़ित को 24 घंटे तक व्हाट्सएप वीडियो कॉल पर रहने को मजबूर किया, जिसे उन्होंने ‘डिजिटल अरेस्ट’ का नाम दिया।

करोड़ों का ट्रांजैक्शन और पुलिस की फुर्ती

आतंक और दबाव के चलते पीड़ित ने अलग-अलग किस्तों में करीब 1.25 करोड़ रुपये आरोपियों के बताए खातों में ट्रांसफर कर दिए। शिकायत मिलते ही रायपुर पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की और ठगी की रकम को ट्रैक किया। पुलिस की तत्परता से 58 लाख रुपये तुरंत होल्ड कराकर पीड़ित को वापस दिला दिए गए हैं, जबकि शेष राशि भी विभिन्न खातों में फ्रीज कर दी गई है।

गुरुग्राम से पकड़ा गया मास्टरमाइंड

तकनीकी विश्लेषण और लोकेशन ट्रैकिंग के जरिए पुलिस टीम हरियाणा पहुंची। आरोपी सोमनाथ महतो लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था, लेकिन घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। जांच में खुलासा हुआ है कि यह एक संगठित गिरोह है जो ठगी के पैसे को कई लेयर वाले बैंक खातों (लेयरिंग) के जरिए घुमाता था। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।