जगदलपुर: गुलाल लगाने के विवाद में खूनी खेल, दो युवकों की चाकू मारकर हत्या, चारों आरोपी गिरफ्तार
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
**********************************
जगदलपुर: गुलाल लगाने के विवाद में खूनी खेल, दो युवकों की चाकू मारकर हत्या, चारों आरोपी गिरफ्तार
जगदलपुर। बस्तर जिले के नगरनार थाना क्षेत्र के ग्राम कलचा में होली की खुशियाँ उस वक्त मातम में बदल गईं, जब रंग लगाने की मामूली बात पर हुए विवाद में दो युवकों की नृशंस हत्या कर दी गई। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
क्या है पूरा मामला?
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बीती रात ग्राम कलचा में चार युवक, गांव के ही दो अन्य युवकों के घर गुलाल लगाने पहुँचे थे। इस दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि चारों आरोपियों ने अपने पास रखे चाकू से उमेश बघेल (23 वर्ष) और रोहित बघेल (17 वर्ष) पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमला इतना घातक था कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक उमेश और रोहित मूलतः बोधघाट थाना क्षेत्र के निवासी थे और घटना के वक्त कलचा में मौजूद थे।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
वारदात के बाद परिजनों ने तत्काल नगरनार पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने रात में ही विशेष टीम गठित कर घेराबंदी शुरू की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही घंटों में चारों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
जांच जारी
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। इस दोहरे हत्याकांड के बाद इलाके में तनावपूर्ण सन्नाटा पसरा हुआ है।












