भिलाई-3 में टला बड़ा धमाका: बारूद से भरी ट्रक ट्रांसफार्मर से टकराई, केबिन में लगी आग पर दमकल ने पाया काबू
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
****************************
भिलाई-3 में टला बड़ा धमाका: बारूद से भरी ट्रक ट्रांसफार्मर से टकराई, केबिन में लगी आग पर दमकल ने पाया काबू
भिलाई। दुर्ग जिले के भिलाई-3 क्षेत्र में गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा होते-होते टल गया। रायपुर की ओर जा रही बारूद से लदी एक ट्रक (TS 05 UB 2355) अनियंत्रित होकर बिजली के ट्रांसफार्मर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक सर्विस रोड पर उतर गई और उसके केबिन में भीषण आग लग गई।
बहादुरी से टाला गया मौत का खतरा
घटना तड़के करीब 2.20 बजे की है। ट्रक में भारी मात्रा में विस्फोटक (बारूद) भरा होने के कारण क्षेत्र में बड़े विस्फोट का खतरा मंडरा रहा था। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग से दो दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। जिला सेनानी और अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि दमकल कर्मियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर केबिन के भीतर लगी आग को बुझाया। यदि आग बारूद तक पहुँच जाती, तो पूरा इलाका दहल सकता था।
सुरक्षित स्थान पर खड़ा कराया गया वाहन
पुलिस और दमकल विभाग की मुस्तैदी से एक बड़ी अनहोनी को टाल दिया गया है। आग बुझाने के बाद ट्रक को सावधानीपूर्वक भिलाई-3 थाने में खड़ा करवाया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है कि हादसा वाहन चालक की लापरवाही से हुआ या किसी तकनीकी खराबी के कारण।












