रायपुर में संग्राम: दिल्ली AI समिट में कांग्रेस के ‘अमर्यादित’ प्रदर्शन के खिलाफ BJYM का हल्लाबोल, पुलिस से भिड़े कार्यकर्ता

 रायपुर में संग्राम: दिल्ली AI समिट में कांग्रेस के ‘अमर्यादित’ प्रदर्शन के खिलाफ BJYM का हल्लाबोल, पुलिस से भिड़े कार्यकर्ता

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

****************************

 

 

रायपुर में संग्राम: दिल्ली AI समिट में कांग्रेस के ‘अमर्यादित’ प्रदर्शन के खिलाफ BJYM का हल्लाबोल, पुलिस से भिड़े कार्यकर्ता

रायपुर,नई दिल्ली में आयोजित वैश्विक ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए अभद्र और अमर्यादित प्रदर्शन की गूँज आज छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सुनाई दी। इस घटना के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने शनिवार को कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन का उग्र घेराव किया।

पुलिस के साथ तीखी झड़प और नारेबाजी

भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता भारत माता चौक (शंकर नगर) पर एकत्रित हुए और वहां से जुलूस की शक्ल में राजीव भवन की ओर कूच किया। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने शंकर नगर चौक पर भारी घेराबंदी की थी और मजबूत बैरिकेड्स लगाए थे। हालांकि, आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने पुलिसिया घेरा तोड़ दिया और बैरिकेड्स के ऊपर चढ़कर आगे बढ़ने की कोशिश की, जिससे पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झूमाझटकी और नोक-झोंक हुई।

“देश की छवि धूमिल करने का आरोप”

घेराव के दौरान कार्यकर्ता जमीन पर बैठकर कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते रहे। भाजयुमो अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के हाई-प्रोफाइल समिट में शर्टलेस (अर्धनग्न) प्रदर्शन कर न केवल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि खराब करने की कोशिश की है, बल्कि अमर्यादित आचरण का परिचय भी दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब प्रधानमंत्री मोदी भारत को तकनीकी शक्ति बना रहे हैं, तब कांग्रेस युवा भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए राजीव भवन के चारों ओर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। कार्यकर्ताओं के उग्र तेवर को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात रहा। गौरतलब है कि दिल्ली में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में शर्ट उतारकर नारेबाजी की थी, जिसका विरोध अब देशभर में भाजपा के युवा संगठन द्वारा किया जा रहा है।