झीरम के शहीदों पर सियासत: गृह मंत्री विजय शर्मा ने पूर्व गृह मंत्री को घेरा, कहा- ‘शहीदों का अपमान कर रही कांग्रेस’

 झीरम के शहीदों पर सियासत: गृह मंत्री विजय शर्मा ने पूर्व गृह मंत्री को घेरा, कहा- ‘शहीदों का अपमान कर रही कांग्रेस’

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

****************************

झीरम के शहीदों पर सियासत: गृह मंत्री विजय शर्मा ने पूर्व गृह मंत्री को घेरा, कहा- ‘शहीदों का अपमान कर रही कांग्रेस’

 

कवर्धा:छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू के नक्सलियों को खत्म करने की समय सीमा वाले बयान पर कड़ा पलटवार किया है। कवर्धा के शिवाजी चौक पर छत्रपति शिवाजी महाराज की भव्य प्रतिमा के अनावरण समारोह के दौरान उन्होंने कांग्रेस पर शहीदों की उपेक्षा और विकास कार्यों में राजनीति करने का आरोप लगाया।

‘अपने ही शहीदों के लिए कुछ नहीं कर पाई कांग्रेस’

विजय शर्मा ने तल्ख अंदाज में कहा कि कांग्रेस के नेता पांच साल तक सरकार में रहे, लेकिन उन्होंने अपने ही दल के उन नेताओं के लिए कुछ नहीं किया जिन्होंने झीरम घाटी में अपनी शहादत दी थी। उन्होंने कहा, “जब भी मैं झीरम घाटी से गुजरता हूँ, उन शहीदों को नमन करता हूँ। कांग्रेस वाले उन्हें ‘अपना’ कहते हैं, लेकिन हमने उन्हें छत्तीसगढ़ का नेतृत्व माना है। विडंबना यह है कि अपनी सरकार के दौरान कांग्रेस सिर्फ षड्यंत्र करती रही और आज जब विष्णु देव साय की सरकार नक्सलियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई कर रही है, तो उन्हें इसमें राजनीति नजर आ रही है। धिक्कार है ऐसे लोगों और ऐसी पार्टी को।”

अमित शाह के नेतृत्व में हो रहा नक्सलियों का सफाया

गृह मंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ से नक्सलियों का तेजी से सफाया किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारे सशस्त्र बल के जवान नक्सलियों को मुंहतोड़ जवाब देकर शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

शहीदों की याद में लिया संकल्प

अपने अनुभव साझा करते हुए विजय शर्मा ने बताया कि झीरम में बने मेमोरियल पर उन्होंने संकल्प लिया था कि जिस दिन छत्तीसगढ़ को नक्सलवाद से पूरी तरह मुक्ति मिल जाएगी, वह दिन इन वीर शहीदों के लिए सबसे बड़ी श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा सरकार का लक्ष्य राजनीति करना नहीं, बल्कि प्रदेश को आतंक मुक्त बनाना है।

इस कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जहां विजय शर्मा ने छत्रपति शिवाजी के आदर्शों पर चलने का आह्वान भी किया।