पापड़ और बड़ा के चक्कर में ‘खूनी खेल’: बेमेतरा में बारात आए बदमाशों ने परोसने वालों पर किया जानलेवा हमला
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
***************************
पापड़ और बड़ा के चक्कर में ‘खूनी खेल’: बेमेतरा में बारात आए बदमाशों ने परोसने वालों पर किया जानलेवा हमला
बेमेतरा: छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ शादी की खुशियाँ उस वक्त मातम और दहशत में बदल गईं जब केवल ‘पापड़ और बड़ा’ न मिलने पर बारातियों ने धारदार हथियार निकाल लिए। थान खम्हरिया थाना क्षेत्र के ग्राम करमू में दावत के दौरान हुए इस विवाद में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनमें से एक की हालत नाजुक बनी हुई है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, 10 फरवरी को ग्राम करमू निवासी दिनेश निषाद के बड़े पिता की बेटी की शादी थी। दुर्ग से आई बारात में शामिल तीन युवक— अंश पासवान (18), हरीश बाघ (23) और लुपसिंह निषाद उर्फ नानु (22)—भोजन के दौरान बार-बार पापड़ और बड़ा की मांग कर रहे थे।
जब खाना परोसने वाले भोला राम निषाद और गजानंद निषाद ने देरी की, तो विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने हत्या की नीयत से उन पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
एक की हालत गंभीर, हायर सेंटर रेफर
घायलों को तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहाँ गजानंद निषाद की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने प्रार्थी दिनेश निषाद की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को दबोच लिया है।
आदतन अपराधी निकले हमलावर
थाना प्रभारी टीआई चंद्रदेव वर्मा ने बताया कि पकड़े गए आरोपी साधारण बाराती नहीं, बल्कि पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड वाले आदतन अपराधी हैं। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।












