रायपुर पुलिस की नशे के खिलाफ बड़ी स्ट्राइक: डी.डी. नगर में पान ठेलों पर छापेमारी, भारी मात्रा में ‘गोगो पेपर’ और चिलम जब्त
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
***************************
रायपुर पुलिस की नशे के खिलाफ बड़ी स्ट्राइक: डी.डी. नगर में पान ठेलों पर छापेमारी, भारी मात्रा में ‘गोगो पेपर’ और चिलम जब्त
रायपुर: राजधानी में नशे के कारोबार और उससे जुड़ी सामग्रियों की बिक्री के खिलाफ रायपुर पुलिस ने अपनी कमर कस ली है। पुलिस कमिश्नर के सख्त निर्देशों के बाद, पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) श्री संदीप कुमार पटेल के मार्गदर्शन में पश्चिम रायपुर क्षेत्र के थाना डी.डी. नगर में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित सामग्री बरामद
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री राहुल देव शर्मा एवं एसीपी श्री देवांश सिंह राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके के विभिन्न पान ठेलों और दुकानों की तलाशी ली। इस कार्यवाही के दौरान दो दुकानदारों को नशे के लिए उपयोग होने वाली सामग्री बेचते हुए पकड़ा गया। उनके कब्जे से लगभग 02 बोरियां गोगो फोल्डिंग पेपर, चिलम और चिलम में उपयोग किए जाने वाले कपड़े बरामद किए गए हैं। जब्त की गई सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 25,000/- रुपये बताई जा रही है।
आरोपियों पर कानूनी शिकंजा
पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गोगो पेपर और चिलम जैसी सामग्रियों का उपयोग युवाओं द्वारा नशीले पदार्थों के सेवन के लिए किया जाता है, जिसे रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है।
जारी रहेगी सख्ती
रायपुर पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि नशे को बढ़ावा देने वाली सामग्रियों की बिक्री करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। गोगो फोल्डिंग पेपर, चिलम और अन्य सहयोगी सामग्रियों के विरुद्ध पुलिस का यह सख्त अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।












