कबीरधाम पुलिस की बड़ी कामयाबी: 25 दिन बाद ‘अंधे कत्ल’ का खुलासा, 3 नाबालिग समेत 6 आरोपी गिरफ्तार

 कबीरधाम पुलिस की बड़ी कामयाबी: 25 दिन बाद ‘अंधे कत्ल’ का खुलासा, 3 नाबालिग समेत 6 आरोपी गिरफ्तार

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

******************************

 

 

कबीरधाम पुलिस की बड़ी कामयाबी: 25 दिन बाद ‘अंधे कत्ल’ का खुलासा, 3 नाबालिग समेत 6 आरोपी गिरफ्तार

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले की सहसपुर लोहारा थाना पुलिस ने एक सनसनीखेज अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझा लिया है। आपसी रंजिश के चलते 25 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से उसकी लाश कुएं में फेंक दी गई थी। पुलिस ने इस मामले में 6 आरोपियों को दबोचा है, जिनमें से 3 नाबालिग हैं।

कुएं में मिली थी पत्थरों से बंधी लाश

सहसपुर लोहारा थाना प्रभारी टीआई मनीष मिश्रा के अनुसार, 27 जनवरी को ग्राम पैलपार के एक खेत में स्थित कुएं में एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था। शव की स्थिति को देखकर पुलिस दंग रह गई, क्योंकि लाश को ईंट और कंक्रीट के भारी पत्थरों से बांधकर फेंका गया था। मृतक की पहचान किशन उर्फ पाव वर्मा (25 वर्ष), निवासी ग्राम ढेकापुर के रूप में हुई। प्रथम दृष्टया हत्या का मामला प्रतीत होने पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 238(बी) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह

पुलिस की विशेष टीमों ने जब मृतक के संपर्कों और पिछली गतिविधियों की जांच की, तो संदेह की सुई थानखम्हरिया (जिला बेमेतरा) के कुछ युवकों पर टिकी। पुलिस ने घेराबंदी कर निम्नलिखित आरोपियों को हिरासत में लिया:

प्रकाश धुर्वे (25 वर्ष)

उमेश उर्फ लक्की राजपूत (20 वर्ष)

खेमलाल उर्फ ईशु निषाद (20 वर्ष)

तीन अन्य नाबालिग

कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने कबूल किया कि पुरानी रंजिश के चलते उन्होंने किशन की हत्या की योजना बनाई थी।

शराब भट्टी से शुरू हुआ मौत का खेल

आरोपियों ने बताया कि वारदात को 5 जनवरी को अंजाम दिया गया था। उन्होंने थानखम्हरिया स्थित शराब भट्टी के पास किशन को अकेला देखा और वहीं उस पर हमला कर दिया। चाकू के वार से किशन बेहोश हो गया, जिसके बाद आरोपी उसे बाइक (क्रमांक CG-07-BV-8064) पर बैठाकर पैलपार मुक्तिधाम के पास एक सुनसान जगह ले गए। वहां लकड़ी के बत्तों से सभी ने बारी-बारी से वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया और पहचान छिपाने के लिए लाश को कुएं में फेंक दिया।

पुलिस की कार्रवाई:

पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक और हत्या के साक्ष्य बरामद कर लिए हैं। सभी बालिग आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है, वहीं नाबालिगों को बाल संप्रेक्षण गृह भेजने की कार्रवाई की जा रही है।