महासमुंद: ओडिशा से धान तस्करी पर प्रशासन का सर्जिकल स्ट्राइक, 540 कट्टा धान समेत ट्रक जब्त

 महासमुंद: ओडिशा से धान तस्करी पर प्रशासन का सर्जिकल स्ट्राइक, 540 कट्टा धान समेत ट्रक जब्त

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

*****************************

 

 

महासमुंद: ओडिशा से धान तस्करी पर प्रशासन का सर्जिकल स्ट्राइक, 540 कट्टा धान समेत ट्रक जब्त

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में धान खरीदी के अंतिम चरण के बीच प्रशासन ने अंतरराज्यीय सीमा पर अवैध धान तस्करी के खिलाफ अपनी सख्ती और बढ़ा दी है। जिला प्रशासन ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए ओडिशा से तस्करी कर लाया जा रहा 540 कट्टा धान जब्त किया है। वहीं, एक अन्य मामले में टीम को देख तस्कर ट्रैक्टर की ट्रॉली छोड़कर फरार हो गए।

चेक पोस्ट पर पकड़ाया ट्रक, बीच रास्ते खत्म हुआ डीजल

जानकारी के अनुसार, टेमरी इंटर स्टेट चेक पोस्ट पर तड़के जांच के दौरान रायपुर पासिंग ट्रक (CG 04 MF 7223) को रोका गया। तलाशी लेने पर उसमें 540 कट्टा अवैध धान पाया गया। दिलचस्प मोड़ तब आया जब ट्रक को कोमाखान थाने ले जाते समय पटपरपाली पेट्रोल पंप के पास उसका डीजल खत्म हो गया। करीब डेढ़ घंटे तक ट्रक वहीं खड़ा रहा, जिसके बाद मंडी कर्मचारियों ने स्वयं के व्यय पर 20 लीटर डीजल डलवाकर वाहन को बागबाहरा मंडी पहुंचाया।

प्रशासन को देख इंजन लेकर भागे तस्कर

दूसरी कार्रवाई खेमड़ा क्षेत्र में हुई, जहां प्रशासनिक टीम की दबिश पड़ते ही तस्करों में हड़कंप मच गया। तस्कर धान से भरी ट्रॉली को मौके पर ही छोड़कर ट्रैक्टर का इंजन लेकर भागने में सफल रहे। प्रशासन ने लावारिस ट्रॉली को जब्त कर पंचनामा तैयार किया है।

कलेक्टर की सख्त चेतावनी

मामले की गंभीरता को देखते हुए महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने स्पष्ट किया है कि ओडिशा सीमा से धान की अवैध आवक को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा, “जिले में लगातार निगरानी और नाकेबंदी जारी है। तस्करी में शामिल तत्वों के विरुद्ध नियमानुसार कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”

फिलहाल, जब्त धान और वाहनों को कृषि उपज मंडी समिति बागबाहरा के सुपुर्द कर आगे की विस्तृत जांच की जा रही है।