दुर्ग: डिप्टी रेंजर को ऑफिस में घुसकर दी जान से मारने की धमकी, आरोपी अजय तिवारी के खिलाफ FIR दर्ज
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
****************************
वन विभाग के अधिकारी से गाली-गलौज और बदतमीजी; आरोपी ने शासकीय दस्तावेज फेंके, केस दर्ज
दुर्ग। उप वनमंडल कार्यालय दुर्ग में पदस्थ उप वनमंडलाधिकारी (SDO) के साथ गाली-गलौज, शासकीय कार्य में बाधा और जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रार्थी की शिकायत पर पद्मनाभपुर थाना पुलिस ने गाडाडीह निवासी आरोपी अजय तिवारी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221, 296 और 351(2) के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।
कार्यालय परिसर में की बदसलूकी
पीड़ित अधिकारी धनेश कुमार साहू ने पुलिस को बताया कि घटना 20 जनवरी की दोपहर करीब 3:30 बजे की है। जब वे कार्यालय परिसर में मौजूद थे, तभी आरोपी अजय तिवारी वहां पहुंचा और अचानक गाली-गलौज करने लगा। आरोपी ने न केवल अभद्र भाषा का प्रयोग किया, बल्कि टेबल पर रखे महत्वपूर्ण शासकीय दस्तावेजों को भी उठाकर फेंक दिया। घटना के समय अधिकारी अगले दिन खैरागढ़ में होने वाली अग्नि सुरक्षा कार्यशाला की तैयारी कर रहे थे।
अवैध आरा मिल पर कार्रवाई की रंजिश
शिकायत के अनुसार, विवाद की जड़ एक पुराना विभागीय मामला है। आरोपी अजय तिवारी पूर्व में अवैध आरा मशीन संचालित कर रहा था, जिस पर वन विभाग ने नियमानुसार कार्रवाई की थी। आरोपी तभी से विभाग पर अपनी गाड़ी छोड़ने का दबाव बना रहा था। अधिकारी ने बताया कि जिस प्रकरण को लेकर वह विवाद कर रहा है, उसमें उसके नाम पर कोई मामला दर्ज ही नहीं है, इसके बावजूद वह लगातार धमका रहा है।
जान का खतरा और पुलिसिया कार्रवाई
प्रार्थी धनेश कुमार साहू ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि आरोपी ने उन्हें “बाहर निकलने पर देख लेने” की धमकी दी है। चूंकि अधिकारी को रात्रि गश्त पर भी जाना पड़ता है, इसलिए उन्होंने अपनी जान को खतरा बताया है। आरोपी ने खुद को रसूखदार बताते हुए यह भी कहा कि “वह सबकी कोर्ट में पेशी करवाएगा।”
पद्मनाभपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। वन विभाग के कर्मचारियों में इस घटना को लेकर काफी आक्रोश है।











