दुर्ग: हरिओम इन्गोट्स एंड पावर लिमिटेड में जीएसटी की टीम ने दी दबिश, टैक्स चोरी के संदेह में खंगाले जा रहे हैं रिकॉर्ड।
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
***************************
दुर्ग: हरिओम इन्गोट्स एंड पावर लिमिटेड में जीएसटी की टीम ने दी दबिश, टैक्स चोरी के संदेह में खंगाले जा रहे हैं रिकॉर्ड।
भिलाई, दुर्ग।छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई में स्थित प्रमुख औद्योगिक इकाई हरिओम इन्गोट्स एंड पावर लिमिटेड में सोमवार शाम से जीएसटी (GST) विभाग की जांच की कार्रवाई जारी है। सोमवार शाम करीब 4:30 बजे जीएसटी विभाग की टीम दो गाड़ियों में सवार होकर कंपनी परिसर पहुंची, जिसके बाद से औद्योगिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
दस्तावेजों की गहन पड़ताल
सूत्रों के अनुसार, जांच दल में करीब सात अधिकारी शामिल हैं जो कंपनी के वित्तीय लेन-देन की बारीकी से जांच कर रहे हैं। टीम द्वारा मुख्य रूप से कंपनी के बिल, जीएसटी रिटर्न, इनवॉइस और इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) से संबंधित दस्तावेजों को खंगाला जा रहा है। जांच का मुख्य उद्देश्य टैक्स भुगतान में किसी भी प्रकार की संभावित अनियमितता या गड़बड़ी का पता लगाना है।
मालिक राज्य से बाहर, कर्मचारियों से पूछताछ
बताया जा रहा है कि जिस समय जीएसटी की टीम पहुंची, कंपनी के मालिक छत्तीसगढ़ से बाहर थे। उनकी अनुपस्थिति में कंपनी के जिम्मेदार अधिकारी और स्टाफ जांच टीम का सहयोग कर रहे हैं। अधिकारियों द्वारा मांगे गए आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराए जा रहे हैं और कर्मचारियों से वित्तीय विवरणों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
कार्रवाई जारी रहने की संभावना
हालांकि विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन जांच टीम में शामिल अधिकारियों के संकेत के अनुसार, यह जांच मंगलवार को भी जारी रहने की संभावना है। फिलहाल कंपनी के भीतर कामकाज सामान्य रूप से चल रहा है, लेकिन मुख्य गेट और दफ्तरों में जांच टीम का पहरा है।
जीएसटी विभाग की इस अचानक कार्रवाई से स्थानीय उद्योगपतियों के बीच चर्चाओं का बाजार गर्म है। अब देखना यह होगा कि मंगलवार को जांच पूरी होने के बाद विभाग द्वारा क्या खुलासा किया जाता है।












