महासमुंद: अपनों को ही लूटने वाला ‘मास्टरमाइंड’ भतीजा गिरफ्तार, 93 लाख का माल बरामद
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*************************/*****
महासमुंद: अपनों को ही लूटने वाला ‘मास्टरमाइंड’ भतीजा गिरफ्तार, 93 लाख का माल बरामद
महासमुंद। छत्तीसगढ़ की महासमुंद पुलिस ने अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चोरी और डकैती के दो बड़े मामलों को सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनसे 93 लाख 33 हजार रुपये से अधिक के जेवरात और वाहन बरामद किए गए हैं। इस पूरे मामले का खुलासा रायपुर रेंज के आईजी अमरेश मिश्रा ने किया।
रिश्तेदारों को ही बनाता था निशाना
पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि वारदातों का मास्टरमाइंड कान्हा उर्फ हेमंत अग्रवाल है। वह अपने ही करीबियों के घर रेकी कर वारदातों को अंजाम देता था। हेमंत ने थाना सांकरा के ग्राम बल्दीडीह में अपने सगे चाचा के घर बड़ी चोरी करवाई थी। इतना ही नहीं, मई 2025 में उसने जिला गरियाबंद के चरौदा में अपनी सगी बहन के ससुराल में डकैती डलवाई थी।
बरामदगी और कार्रवाई
पुलिस ने आरोपियों के पास से 471.24 ग्राम सोने के आभूषण (कीमत ₹68.81 लाख) और लगभग 1.5 किलो चांदी बरामद की है। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल की गई टाटा नेक्सॉन, मारुति स्विफ्ट और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
इनकी हुई गिरफ्तारी
गिरफ्तार आरोपियों में शुभम साहू (झलप), हेमंत अग्रवाल (अनसुला), रौनक उर्फ भूपेंद्र सिंह सलुजा (पिथौरा), योगेश कुमार साहू (सिमगा) और दीपक चंद्रवंशी (कवर्धा) शामिल हैं। मामले के दो अन्य आरोपी प्रफुल्ल चंद्रवंशी और मुकुंद उर्फ टाइगर फिलहाल फरार हैं।
पुलिस अधीक्षक महासमुंद प्रभात कुमार के मार्गदर्शन में गठित 6 विशेष टीमों ने इस बड़ी सफलता को अंजाम दिया। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश करने के साथ-साथ चोरी का माल खरीदने वाले ज्वेलर्स पर भी कानूनी शिकंजा कस रही है।















