खरगोन: सात फेरे के दो दिन बाद ही लुटेरी दुल्हन फरार, 1.60 लाख की ठगी कर दूल्हे को दिया चकमा

 खरगोन: सात फेरे के दो दिन बाद ही लुटेरी दुल्हन फरार, 1.60 लाख की ठगी कर दूल्हे को दिया चकमा

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

****************************

 

खरगोन: सात फेरे के दो दिन बाद ही लुटेरी दुल्हन फरार, 1.60 लाख की ठगी कर दूल्हे को दिया चकमा

खरगोन (मध्य प्रदेश):मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ शादी के महज दो दिन बाद ही एक दुल्हन घर से नकदी और मोबाइल लेकर रफूचक्कर हो गई। घटना भीकनगांव थाना क्षेत्र के ग्राम नवलपुरा की है। पीड़ित दूल्हे और उसके परिजनों का आरोप है कि वे एक संगठित ‘लुटेरी गैंग’ का शिकार हुए हैं।

मकर संक्रांति पर हुई थी शादी

नवलपुरा निवासी रघुवीर चौहान की शादी 14 जनवरी (मकर संक्रांति) को बैतूल जिले के चिरापल्या निवासी पूजा ठाकरे के साथ सामाजिक रीति-रिवाज से संपन्न हुई थी। रघुवीर के अनुसार, शादी तय करने के बदले उन्होंने लड़की पक्ष को 1 लाख 60 हजार रुपये दिए थे। लेकिन खुशियां ज्यादा दिन नहीं टिकीं और शादी के दूसरे दिन ही पूजा बिना किसी को बताए घर से फरार हो गई। जाते समय वह दूल्हे का मोबाइल भी अपने साथ ले गई।

दो शादियां पहले भी कर चुकी है दुल्हन

पीड़ित रघुवीर ने बताया कि जब उन्होंने पूजा की तलाश शुरू की और जानकारी जुटाई, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पता चला कि पूजा इससे पहले भी दो बार इसी तरह शादियां कर युवकों को ठग चुकी है और रघुवीर उसका तीसरा शिकार था। परिजनों का आरोप है कि पूजा और उसके रिश्तेदार एक गिरोह की तरह काम करते हैं, जो कुंवारे युवकों को निशाना बनाकर मोटी रकम वसूलते हैं और फिर गायब हो जाते हैं।

पुलिस कर रही है मामले की जांच

परिजनों ने भीकनगांव थाने में इस धोखाधड़ी की लिखित शिकायत दर्ज कराई है और गिरोह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। भीकनगांव थाना प्रभारी गुलाब सिंह रावत ने बताया कि “शादी के बाद दुल्हन के पैसे लेकर फरार होने की शिकायत मिली है। पुलिस तथ्यों की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”