आरंग: नेशनल हाईवे 53 पर मूरूम से भरे हाइवा ने बाइक को रौंदा, पिता-पुत्र समेत एक ही परिवार के 3 लोगों की दर्दनाक मौत
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
******************************
आरंग: नेशनल हाईवे 53 पर मूरूम से भरे हाइवा ने बाइक को रौंदा, पिता-पुत्र समेत एक ही परिवार के 3 लोगों की दर्दनाक मौत
आरंग,रायपुर। छत्तीसगढ़ के आरंग थाना इलाके में शुक्रवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे 53 पर पारागांव के पास एक तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार तीन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों बाइक सवार हाइवा के चक्के के नीचे आ गए और वाहन उन्हें कुछ दूर तक घसीटते हुए ले गया। इस हृदयविदारक हादसे में पिता-पुत्र समेत एक ही परिवार के तीनों सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई।
मछली पकड़ने जा रहे था परिवार
मिली जानकारी के अनुसार, आरंग के बागेश्वर पारा निवासी मंगलू जलक्षत्री (28 वर्ष), उनका 6 वर्षीय बेटा तिलक जलक्षत्री और परिवार का ही एक अन्य सदस्य श्रवण जलक्षत्री (40 वर्ष) शुक्रवार सुबह एक प्लेटिना बाइक पर सवार होकर महानदी में मछली पकड़ने जा रहे थे। जैसे ही वे पारागांव के पास पहुंचे, विपरीत दिशा से आ रहे मूरूम से भरे एक अनियंत्रित हाइवा ने उन्हें सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
सड़क पर बिखर गए शवों के टुकड़े
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा इतना भयानक था कि मृतकों के शवों के टुकड़े सड़क पर बिखर गए। दुर्घटना के बाद आरोपी हाइवा चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही आरंग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षत-विक्षत शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा।
पुलिस की कार्रवाई जारी
पुलिस ने दुर्घटनाकारी हाइवा को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से बागेश्वर पारा इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।









