छत्तीसगढ़: कोरबा में भीषण सड़क हादसा; पुल से नीचे गिरते ही कार में लगी आग, तातापानी महोत्सव जा रहे दो लोगों की दर्दनाक मौत
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
***************************
छत्तीसगढ़: कोरबा में भीषण सड़क हादसा; पुल से नीचे गिरते ही कार में लगी आग, तातापानी महोत्सव जा रहे दो लोगों की दर्दनाक मौत
कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बुधवार को एक हृदयविदारक दुर्घटना में दो लोगों की जलकर मौत हो गई। बांगो थाना क्षेत्र के मदनपुर गांव के पास एक अनियंत्रित कार पुल से नीचे गिर गई, जिसके तुरंत बाद उसमें भीषण आग लग गई। हादसे के वक्त कार सवार लोग बलरामपुर में आयोजित ‘तातापानी महोत्सव’ में शामिल होने जा रहे थे।
पुल से गिरते ही हुआ धमाका
पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, हादसा बुधवार शाम करीब 4 बजे हुआ। बिलासपुर के तोरवा थाना क्षेत्र के रहने वाले गोपाल चंद्र डे (42) और अरुण सेन (36) कार में सवार होकर तातापानी जा रहे थे। मदनपुर गांव के पास पहुंचते ही चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और कार सीधे पुल से नीचे जा गिरी। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के मुताबिक, नीचे गिरते ही कार में जोरदार धमाका हुआ और वह आग का गोला बन गई।
बिलासपुर के रहने वाले थे मृतक
घटना की सूचना मिलते ही बांगो थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कार में सवार दोनों व्यक्तियों की जलने से मौत हो चुकी थी। मृतकों की पहचान बिलासपुर निवासी गोपाल चंद्र डे और अरुण सेन के रूप में हुई है।
पुलिस जांच जारी
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और हादसे के सटीक कारणों की जांच की जा रही है। घटना के बाद से मृतकों के परिजनों और तोरवा क्षेत्र में शोक की लहर है।












