धमतरी में रेत माफिया पर प्रशासन का कड़ा प्रहार; महानदी में अवैध रैंप किए गए ध्वस्त, जेसीबी और हाईवा समेत कई वाहन जब्त
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*****************************
धमतरी में रेत माफिया पर प्रशासन का कड़ा प्रहार; महानदी में अवैध रैंप किए गए ध्वस्त, जेसीबी और हाईवा समेत कई वाहन जब्त
धमतरी:छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में अवैध रेत कारोबार के खिलाफ खनिज विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। विभाग की टीम ने पिछले दो दिनों में सक्रियता दिखाते हुए महानदी क्षेत्र में अवैध उत्खनन और परिवहन में शामिल एक जेसीबी मशीन, एक हाईवा और एक ट्रैक्टर को जब्त किया है। इसके साथ ही नदी के भीतर अवैध खनन के लिए रेत माफियाओं द्वारा बनाए गए पुराने रैंपों को भी पूरी तरह से नष्ट कर दिया गया है।
लंबे समय से सक्रिय था माफिया
स्थानीय स्तर पर खनिज विभाग की उदासीनता की शिकायतों के बीच यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है। कार्रवाई के दौरान जो रैंप नष्ट किए गए, वे काफी पुराने नजर आ रहे हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि इस क्षेत्र में लंबे समय से अवैध उत्खनन का खेल चल रहा था। माफियाओं ने नदी का स्वरूप बिगाड़कर बड़े पैमाने पर रेत की चोरी के लिए अवैध रास्तों (रैंप) का निर्माण किया था।
विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी
जानकारी के मुताबिक, खनिज विभाग की टीम ने मगरलोड विकासखंड के अंतर्गत आने वाले ग्राम बुढ़ेनी में महानदी से अवैध रूप से रेत ले जाते हुए एक ट्रैक्टर को पकड़ा। भविष्य में इस गतिविधि को रोकने के लिए विभाग ने नदी में बने अवैध रैंपों को भी बुलडोजर की मदद से जमींदोज कर दिया।
साथ ही, ग्राम करेलीछोटी में देर रात की गई एक अन्य कार्रवाई में, अवैध रेत भंडारण और लोडिंग के काम में लगी एक जेसीबी मशीन और एक हाईवा वाहन को जब्त किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि जब्त किए गए वाहनों के संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि अवैध रेत कारोबार के खिलाफ उनका अभियान जारी रहेगा और इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।










