रायपुर को मिली IPL मैचों की मेजबानी, 12 साल बाद शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में होंगे RCB के दो मुकाबले

 रायपुर को मिली IPL मैचों की मेजबानी, 12 साल बाद शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में होंगे RCB के दो मुकाबले

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

****************************

 

रायपुर को मिली IPL मैचों की मेजबानी, 12 साल बाद शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में होंगे RCB के दो मुकाबले

रायपुर: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के मैच 12 साल के लंबे इंतजार के बाद एक बार फिर नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे। इस बार रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने अपने दो घरेलू मैचों के लिए रायपुर को चुना है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इन मैचों के आयोजन के लिए अपनी सहमति दे दी है और राज्य सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है।

मुख्यमंत्री से हुई मुलाकात

मंगलवार को RCB के वाइस प्रेसिडेंट राजेश मेनन और BCCI के संयुक्त सचिव प्रभतेज सिंह भाटिया ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से उनके निवास कार्यालय में मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री को RCB की जर्सी भेंट की और मैचों के आयोजन के संबंध में विस्तार से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से सुरक्षा समेत अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाओं में सहयोग का वादा किया, जिसके बाद RCB प्रबंधन ने रायपुर में दो मैच कराने पर सहमति जताई।

हादसे के बाद बेंगलुरु का विकल्प बना रायपुर

यह निर्णय बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में बीते साल हुए एक हादसे के बाद लिया गया है। RCB मैनेजमेंट ने सुरक्षा कारणों से कुछ मैचों को अन्यत्र स्थानांतरित करने का फैसला किया था और इसके लिए रायपुर व इंदौर को शॉर्टलिस्ट किया था। अंततः रायपुर को दो मैचों के लिए मेजबान के रूप में चुना गया।

“छत्तीसगढ़ को मिलेगी नई पहचान”

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस आयोजन पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजन राज्य के युवाओं में खेल के प्रति उत्साह बढ़ाएंगे। इससे खेल अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी और छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर एक नई पहचान मिलेगी। उन्होंने यह भी ऐलान किया कि सरकार रायपुर को एक मेट्रो सिटी के रूप में विकसित करेगी।

छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ के डायरेक्टर विजय शाह ने पुष्टि की कि RCB ने रायपुर को अपना होम ग्राउंड बनाने का फैसला किया है और फिलहाल दो मैचों पर सहमति बनी है।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले रायपुर दिल्ली कैपिटल्स (तत्कालीन दिल्ली डेयरडेविल्स) का दूसरा होम ग्राउंड था और यहां छह आईपीएल मैच सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं।