नशे में धुत होकर स्कूल पहुँचा शिक्षक, बोला- ’20 रुपए की आधी गिलास ही पी है’, फिर लगाने लगा उठक-बैठक, वीडियो आया सामने
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*****************************
नशे में धुत होकर स्कूल पहुँचा शिक्षक, बोला- ’20 रुपए की आधी गिलास ही पी है’, फिर लगाने लगा उठक-बैठक, वीडियो आया सामने
अंबिकापुर (मैनपाट): छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाली एक तस्वीर सामने आई है। मैनपाट ब्लॉक के प्राथमिक शाला ‘बालक वंदना’ में पदस्थ शिक्षक राज प्रताप सिंह शुक्रवार को शराब के नशे में धुत होकर स्कूल पहुँच गए। हद तो तब हो गई जब शिक्षक ने कैमरे के सामने अपनी गलती स्वीकार करते हुए कहा कि उसने सिर्फ “20 रुपए की आधी गिलास” देसी शराब पी है।
नौनिहालों के भविष्य के साथ खिलवाड़
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को स्कूल की हेडमास्टर छुट्टी पर थीं और एक अन्य शिक्षक स्कूल ही नहीं आए थे। ऐसे में पहली से पाँचवीं कक्षा के 60 से अधिक बच्चों की जिम्मेदारी पूरी तरह से नशे में धुत राज प्रताप सिंह के कंधों पर थी। ग्रामीणों ने जब शिक्षक की हालत देखी, तो उन्होंने स्थानीय पत्रकारों को सूचित किया।
कैमरे के सामने करने लगा उठक-बैठक
जब पत्रकार स्कूल पहुँचे, तो शिक्षक ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था। नशे की हालत में उसने न केवल शराब पीने की बात मानी, बल्कि खुद को सजा देने के लिए बच्चों के सामने ही उठक-बैठक करना शुरू कर दिया। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

कड़ी कार्रवाई की तैयारी
इस मामले पर मैनपाट के ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (BEO) योगेश शाही ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कहा, “शिक्षक ने वीडियो में खुद शराब पीने की बात कबूली है। ऐसे शिक्षकों के कारण विभाग की छवि खराब होती है। संबंधित शिक्षक को पहले भी नोटिस दिया गया था, लेकिन उसमें सुधार नहीं हुआ। अब उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई के लिए प्रस्ताव भेजा जा रहा है।”
ग्रामीणों में इस घटना को लेकर काफी आक्रोश है और वे बच्चों के भविष्य को देखते हुए शिक्षक को तत्काल निलंबित करने की माँग कर रहे हैं।










