दुर्ग में सड़क सुरक्षा पर हाई-प्रोफाइल बैठक कल: सुप्रीम कोर्ट कमेटी के अध्यक्ष जस्टिस अभय मनोहर सप्रे करेंगे समीक्षा
प्राइम सी 24 न्यूज से दुर्ग संभाग ब्यूरो चीफ जावेद खान की रिपोर्ट
********************************
दुर्ग में सड़क सुरक्षा पर हाई-प्रोफाइल बैठक कल: सुप्रीम कोर्ट कमेटी के अध्यक्ष जस्टिस अभय मनोहर सप्रे करेंगे समीक्षा
दुर्ग, सुप्रीम कोर्ट कमेटी ऑन रोड सेफ्टी के अध्यक्ष और पूर्व न्यायमूर्ति श्री अभय मनोहर सप्रे के छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान, कल 03 जनवरी 2026 को दुर्ग में सड़क सुरक्षा विषयों पर एक महत्वपूर्ण उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। यह बैठक सुबह 11:30 बजे से लोक निर्माण विभाग (PWD) के सभाकक्ष में संपन्न होगी।
पेट्रोल पंप संचालकों और प्राचार्यों की उपस्थिति अनिवार्य
प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, इस बैठक में दुर्ग एवं भिलाई क्षेत्र के सभी पेट्रोल पंप संचालकों के साथ-साथ जिले के सभी शासकीय एवं निजी महाविद्यालयों के प्राचार्यों को अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के लिए कहा गया है। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़ी ‘लीड एजेंसी’ के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी और जागरूकता अभियानों में शिक्षण संस्थानों व व्यवसायिक प्रतिष्ठानों की भूमिका पर चर्चा होगी।
वरिष्ठ अधिकारी रहेंगे मौजूद
इस उच्च स्तरीय बैठक में दुर्ग संभागायुक्त, पुलिस महानिरीक्षक (IG) रेंज, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक (SP) सहित लोक निर्माण विभाग, एन.एच.ए.आई. (NHAI), स्वास्थ्य, शिक्षा और परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। बैठक के दौरान जिले में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने, यातायात मानकों के पालन और विभागीय कार्ययोजनाओं के क्रियान्वयन पर गंभीर मंथन किया जाएगा।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) ने बताया कि माननीय न्यायमूर्ति की मौजूदगी में होने वाली इस समीक्षा का मुख्य उद्देश्य जिले की सड़कों को सुरक्षित बनाना और यातायात नियमों के प्रति जन-जागरूकता को बढ़ाना है।










