दुर्ग आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई; मध्य प्रदेश की अवैध शराब के साथ 2 आरोपी गिरफ्तार, वाहन भी जब्त

 दुर्ग आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई; मध्य प्रदेश की अवैध शराब के साथ 2 आरोपी गिरफ्तार, वाहन भी जब्त

प्राइम सी 24 न्यूज से दुर्ग संभाग ब्यूरो चीफ जावेद खान की रिपोर्ट

,*******************************/

 

दुर्ग आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई; मध्य प्रदेश की अवैध शराब के साथ 2 आरोपी गिरफ्तार, वाहन भी जब्त

दुर्ग, नये साल के आगमन पर अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए दुर्ग आबकारी विभाग ने मुस्तैदी दिखाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। आबकारी आयुक्त श्रीमती आर. संगीता और कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह के निर्देशानुसार चलाए जा रहे जांच अभियान के तहत 31 दिसंबर 2025 को विभाग ने अवैध मध्य प्रदेश की शराब परिवहन करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

सूचना पर त्वरित एक्शन

सहायक आयुक्त आबकारी श्री सी.आर. साहू के मार्गदर्शन में वृत-भिलाई क्रमांक-02 की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से अवैध शराब परिवहन की सूचना मिलने पर टीम ने घेराबंदी कर कार्रवाई की।

जब्त सामग्री और आरोपी

कार्रवाई के दौरान यादव मोहल्ला, बोरसी भाटा निवासी आरोपी गीतेश कुमार देशलहरे के कब्जे से मध्य प्रदेश में विक्रय हेतु अधिकृत ‘बॉम्बे स्पेशल व्हिस्की’ की 12 नग बोतलें (750 ML) बरामद की गईं। वहीं, दूसरे आरोपी एवन निषाद (पिता त्रिभुवन निषाद, उम्र 27 वर्ष, ग्राम ननकट्टी) के पास से 50 पाव देशी मदिरा ‘शोले मसाला’ जब्त की गई।

विभाग ने कुल 18 बल्क लीटर शराब जब्त की है, जिसकी बाजार कीमत 10,760 रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त हीरो होंडा स्प्लेंडर वाहन (क्रमांक CG 04A 0976) भी जब्त किया गया है। पूरी कार्रवाई में जब्त माल और वाहन की कुल कीमत लगभग 40,760 रुपये है।

कानूनी कार्रवाई

आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 36 और 59(क) के तहत मामला दर्ज किया गया है। भारी मात्रा में अवैध शराब मिलने के कारण आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

टीम का योगदान

इस प्रकरण की विवेचना सहायक जिला आबकारी अधिकारी सुप्रिया शर्मा द्वारा की जा रही है। सफल कार्रवाई में आबकारी उप निरीक्षक हरीश पटेल, प्रियंक ठाकुर, भोजराम रत्नाकर, मुख्य आरक्षक भरथरी, आरक्षक संदीप तिर्की और ड्राइवर दीपक राजू, प्रकाश राव व धनराज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।