महासमुंद: कहार भोई समाज के नवनियुक्त पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न, जय माँ कन्हाई परमेश्वरी के उद्घोष से गूंजा मंदिर प्रांगण
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
****************************
महासमुंद: कहार भोई समाज के नवनियुक्त पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न, जय माँ कन्हाई परमेश्वरी के उद्घोष से गूंजा मंदिर प्रांगण
महासमुंद। नगर के इमली भाटा (वार्ड नं. 2) स्थित माँ कन्हाई परमेश्वरी मंदिर प्रांगण में कहार भोई समाज द्वारा भव्य शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। इस गौरवमयी कार्यक्रम में समाज के नवनिर्वाचित अध्यक्ष, सचिव और मनोनीत पदाधिकारियों ने पूरे विधि-विधान के साथ अपने पद की शपथ ली। कार्यक्रम के दौरान पूरा परिसर ‘जय माँ कन्हाई परमेश्वरी’ और ‘जय जोहार-जय कहार’ के नारों से गुंजायमान रहा।
वरिष्ठ अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कहार भोई समाज महासभा के अध्यक्ष श्री भुवन अवसरिया उपस्थित रहे। उनके साथ महासभा की उपाध्यक्ष श्रीमती पदमा कहार, सचिव श्री पुष्कर कहार और कोषाध्यक्ष श्री गणेश चंद्र गोहिल ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की। स्थानीय जनप्रतिनिधियों में नगरपालिका अध्यक्ष श्री निखिल कांत साहू, पार्षद श्रीमती ईश्वरी संजय भोई (वार्ड 15), जय देवांगन (वार्ड 2), सुनैना पप्पू ठाकुर (वार्ड 3) और पार्षद महेंद्र औसर (रायपुरा, वार्ड 69) भी शामिल हुए।
इन्होंने ली कर्तव्यनिष्ठा की शपथ
शपथ ग्रहण की प्रक्रिया में श्री उमेंद्र औसर ने नवनियुक्त अध्यक्ष श्री मनोज यमराज और सचिव श्री योगेश कुमार कश्यप को उनके पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। वहीं, महिला विंग की कमान संभालते हुए श्रीमती लिपिका गौतम ने अध्यक्ष, श्रीमती स्मिता सैनिक ने सचिव और श्रीमती अंतिमा औसर ने कोषाध्यक्ष के रूप में शपथ ली, जिन्हें श्रीमती संध्या गोहिल ने शपथ दिलाई। इसके अतिरिक्त, श्रीमती हेमलता औसर को महिला टीम की संयोजिका और श्रीमती रीना औसर को मंदिर प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई।
एकता चौक पर बनेगा भव्य प्रवेश द्वार
कार्यक्रम के दौरान समाज की ओर से नगरपालिका अध्यक्ष श्री निखिलकांत साहू को एक मांग पत्र सौंपा गया। इसमें एकता चौक पर ‘माँ कन्हाई परमेश्वरी मंदिर प्रवेश द्वार’ निर्माण की मांग रखी गई। अध्यक्ष श्री साहू ने समाज की भावनाओं का सम्मान करते हुए इस कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया।
सम्मान और आभार प्रदर्शन
समारोह के समापन पर आगंतुक अतिथियों को माँ कन्हाई परमेश्वरी का प्रतीक चिन्ह और फोटो फ्रेम भेंट कर सम्मानित किया गया। राज सचिव श्री योगेश कुमार कश्यप ने सामाजिक बंधुओं, मातृशक्ति और युवा टीम का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार के सहयोग और एकजुटता की अपील की। मंच का सफल संचालन श्री गणेश चंद्र गोहिल, दुर्गेश घेवरिया और श्रीमती स्वाती कश्यप द्वारा किया गया।










