ऑपरेशन सुरक्षा: दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले 1,309 चालकों पर लगा 1.33 करोड़ का जुर्माना
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*******************************
ऑपरेशन सुरक्षा: दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले 1,309 चालकों पर लगा 1.33 करोड़ का जुर्माना
दुर्ग। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सुरक्षा’ अभियान के तहत नशेड़ी चालकों पर कड़ा शिकंजा कसा गया है। वर्ष 2025 में जनवरी से 25 दिसंबर तक की गई कार्रवाई में पुलिस ने 1,300 से अधिक वाहन चालकों को शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा है।
विशेष चेकिंग पॉइंट और ब्रीथ एनालाइजर से जांच
दुर्ग पुलिस द्वारा जिले के प्रमुख मार्गों, ग्रे स्पॉट और ब्लैक स्पॉट (दुर्घटना संभावित क्षेत्रों) में शाम से देर रात तक विशेष चेकिंग पॉइंट लगाए गए। इन पॉइंट्स पर ब्रीथ एनालाइजर मशीन के जरिए वाहन चालकों की सघन जांच की जा रही है, जिससे नशे की हालत में वाहन चलाने वालों की तत्काल पहचान कर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
11 माह में 1,309 चालकों पर गिरी गाज
पुलिस आंकड़ों के अनुसार, बीते 11 माह 25 दिनों के भीतर कुल 1,309 वाहन चालकों को नशे की हालत में पकड़ा गया। पुलिस ने इन सभी के वाहन जब्त कर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 व अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया।
करोड़ों का जुर्माना और लाइसेंस निलंबन की तैयारी
न्यायालय द्वारा इन मामलों में सख्त रुख अपनाते हुए प्रत्येक आरोपी पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। कुल मिलाकर अब तक 1 करोड़ 33 लाख 89 हजार 800 रुपये का अर्थदंड वसूला जा चुका है।
दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई केवल जुर्माने तक सीमित नहीं रहेगी। भविष्य में लापरवाही रोकने के लिए पुलिस इन सभी 1,309 चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने हेतु परिवहन विभाग को प्रकरण भेज रही है। पुलिस का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।










