कवर्धा में शादी का झांसा देकर युवती से 3 दिन तक होटल में रेप, आरोपी वीरु साहू गिरफ्तार
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
******************************
कवर्धा में शादी का झांसा देकर युवती से 3 दिन तक होटल में रेप, आरोपी वीरु साहू गिरफ्तार
कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में शादी का झांसा देकर एक युवती के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपी युवक ने लालपुर स्थित एक होटल में युवती को बंधक बनाकर उसकी मर्जी के खिलाफ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में शादी करने से मुकर गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 27 वर्षीय आरोपी वीरु साहू को गिरफ्तार कर लिया है।
होटल में 3 दिनों तक किया दुष्कर्म
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, आरोपी वीरु साहू ने युवती को शादी का झूठा आश्वासन दिया और उसे फुसलाकर 1 नवंबर से 4 नवंबर के बीच कवर्धा स्थित होटल दक्ष पैलेस ले गया। वहां उसने युवती की इच्छा के विरुद्ध लगातार तीन दिनों तक दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी ने शादी से साफ इनकार कर दिया और पीड़िता से सारे संपर्क तोड़ लिए।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और FSL जांच
पीड़िता की रिपोर्ट पर कवर्धा थाने में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 534/2025, धारा 69 (भारतीय न्याय संहिता) के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम ने घटनास्थल (होटल दक्ष पैलेस) का निरीक्षण किया। पुलिस ने होटल के रिकॉर्ड और गेस्ट एंट्री रजिस्टर की जांच की, जिसमें 1 नवंबर से 4 नवंबर के बीच आरोपी की मौजूदगी की पुष्टि हुई।
आरोपी भेजा गया जेल
पुलिस ने होटल से गेस्ट रजिस्टर समेत अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए हैं। सघन जांच और सबूतों के आधार पर पुलिस ने आरोपी वीरु साहू को गिरफ्तार कर लिया है। कवर्धा पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है।









