अवैध लकड़ी तस्करी पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: सुपेला में जब्त ट्रकों से मिली प्रतिबंधित ‘कहुआ’ लकड़ी
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
++++++++++++++++++++++++++
अवैध लकड़ी तस्करी पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: सुपेला में जब्त ट्रकों से मिली प्रतिबंधित ‘कहुआ’ लकड़ी
दुर्ग। दुर्ग वन विभाग ने अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सुपेला चौक और अंजोरा-नेहरू नगर बाईपास से दो ट्रकों को जब्त किया है। मंगलवार को पुलगांव डिपो में वाहन मालिक की मौजूदगी में जब ट्रक को खाली कराया गया, तो जांच में बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित लकड़ियां बरामद हुईं।
दस्तावेजों के बिना कहुआ लकड़ी का परिवहन
जांच के दौरान ट्रक में करीब 30 प्रतिशत ‘कहुआ’ लकड़ी पाई गई। नियमतः बिना वैध दस्तावेजों के कहुआ लकड़ी के परिवहन पर पूरी तरह प्रतिबंध है। कहुआ के साथ ही ट्रक में भारी मात्रा में जलाऊ लकड़ियां भी लदी हुई थीं। वन विभाग ने वाहन क्रमांक CG 04 PJ 6778 और CG 04 JC 6725 के खिलाफ मामला दर्ज किया है। ट्रक मालिक की सटीक पहचान के लिए विभाग ने परिवहन विभाग (RTO) को पत्र लिखकर जानकारी मांगी है।
सरकारी काम में बाधा और अभद्र व्यवहार
डीएफओ (DFO) दीपेश कपिल के अनुसार, रविवार रात गश्त के दौरान जब इन वाहनों को रोका गया, तो रामजी गुप्ता, अनिल गुप्ता और उनके साथियों ने कार्रवाई का विरोध किया। आरोपियों ने वन विभाग के कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया और बलपूर्वक शासकीय कार्य में बाधा डालने की कोशिश की। स्थिति बिगड़ती देख स्थानीय पुलिस की मदद ली गई, जिसके बाद जब्ती की प्रक्रिया पूरी हो सकी।
आगे की कार्रवाई
फिलहाल जब्त लकड़ियों और वाहनों को पुलगांव डिपो में रखा गया है। एसडीओ (SDO) इस पूरे मामले की विस्तृत जांच के बाद अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे। प्रतिवेदन के आधार पर ट्रक मालिकों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









