राजनांदगांव जिले में राजा राइस मिल में प्रशासन की बड़ी दबिश, 21 हजार कट्टा धान जब्त; मुड़पार समिति प्रबंधक बर्खास्त
प्राइम सी 24 न्यूज से दुर्ग संभाग ब्यूरो चीफ जावेद खान की रिपोर्ट
*******************************
राजनांदगांव जिले में राजा राइस मिल में प्रशासन की बड़ी दबिश, 21 हजार कट्टा धान जब्त; मुड़पार समिति प्रबंधक बर्खास्त
राजनांदगांव। जिले के ग्राम खुटेरी स्थित राजा राइस मिल में रविवार को प्रशासन की संयुक्त टीम ने औचक दबिश दी। इस जांच के दौरान भारी मात्रा में अवैध धान पाए जाने पर जब्ती की कार्रवाई की गई है। वहीं, अनियमितता के चलते मुड़पार सहकारी समिति के प्रबंधक को भी पद से हटा दिया गया है।
मिल में मिला 21,200 कट्टा अवैध धान
फूड, मंडी और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने जब राजा राइस मिल में दस्तावेजों की जांच की, तो मिल परिसर में 21 हजार 200 कट्टा धान स्टॉक में पाया गया। मिल प्रबंधन इस धान के संबंध में कोई भी वैध दस्तावेज या रसीद पेश करने में विफल रहा। साक्ष्यों के अभाव में प्रशासनिक टीम ने पूरे धान को अवैध मानते हुए जब्त कर लिया है। शासन द्वारा इस सीजन में अवैध धान का भंडारण करने वाले राइस मिलर्स और कोचियों के विरुद्ध निरंतर अभियान चलाया जा रहा है।
मुड़पार समिति प्रबंधक पर गिरी गाज
इधर, प्राथमिक कृषि शाखा सहकारी समिति मर्यादित मुड़पार में भी बड़ी कार्रवाई हुई है। प्राधिकृत अधिकारी टामेश्वर साहू ने धान खरीदी केंद्र में बरती जा रही अनियमितताओं के चलते प्रबंधक हरिराम सिन्हा को तत्काल प्रभाव से पदमुक्त कर दिया है।
सांठगांठ के आरोप, कुश देवांगन को नया प्रभार
बताया जा रहा है कि हरिराम सिन्हा पर राइस मिलर्स के साथ सांठगांठ करने और कोचियों को लाभ पहुँचाने की शिकायतें मिली थीं। प्रशासनिक कारणों का हवाला देते हुए अब प्रबंधक का प्रभार कुश देवांगन को सौंप दिया गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई से जिले के राइस मिलर्स और कोचियों में हड़कंप मचा हुआ है।









